विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कोई मेरे आहद को ला दो', 5 साल के मासूम का अपहरण, 3 दिन से भूखी-प्यासी भटक रही मां, तलाश में जुटी CIA की 3 टीम

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:40 AM (IST)

पानीपत में पांच वर्षीय आहद तीन दिनों से लापता है, जिसकी तलाश में सीआईए की तीन टीमें और 40 जवान पांच किमी का दायरा खंगाल रहे हैं।

पानीपत में 5 वर्षीय आहद की तलाश में जुटी CIA की 3 टीमें।

पानीपत में 5 वर्षीय आहद की तलाश में जुटी CIA की 3 टीमें।

HighLights

  1. पांच वर्षीय आहद तीन दिनों से पानीपत में लापता

  2. सीआईए की तीन टीमें और 40 जवान तलाश में जुटे

  3. सीसीटीवी में युवक बच्चे को गोद में ले जाता दिखा

मनोज खर्ब/राजकुमार प्रजाति, पानीपत। दरवाजे पर हर आहट होती है तो दिल कहता है... शायद मेरा आहद लौट आया। फिर दरवाजा खाली मिलता है तो आंखों से आंसू निकल पड़ते हैं। पांच साल के बेटे के इंतजार में मां फिरदोस यही कहती है- कोई मेरे आहद को भी ला दो।

तीन दिन से न ठीक से सो पाई हैं और न अन्न का एक निवाला खाया है। जिस आंगन में आहद की किलकारियां गूंजती थीं, वहीं अब उसकी मां की आंखें हर पल बेटे को तलाश रही हैं। बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद में वह पुलिस के साथ गलियों से लेकर आसपास के इलाकों तक भटक रही हैं।

मां की बस एक ही गुहार है- साहब! मेरे आहद को भी सुरक्षित घर ले आइए। मैं तीन दिन से अपने बेटे आहद की राह देख रही हूं। उसकी याद में घर का हर कोना मुझे काटने को दौड़ता है। उम्मीद रहती है कि पुलिस मेरे बेटे को घर ले आएगी। इसी उम्मीद में मैं पुलिस के साथ अलग-अलग जगहों पर जाकर उसकी तलाश कर रही हूं।

बेटे की चिंता में मैंने तीन दिन से एक निवाला तक नहीं लिया है। परिवार के लोग भी लगातार पुलिस और अधिकारियों से उसकी बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं। मेरी आंखों में आंसू हैं, लेकिन बेटे के लौटने की उम्मीद अब भी कायम है।

40 जवान खंगाल रहे पांच किमी का दायरा

पुरेवाल कालोनी में पिता की मीट की रेहड़ी के पास खेलते समय मंगलवार शाम को लापता हुए पांच वर्षीय मोहम्मद आहद का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बच्चे को गोद में लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

हालांकि अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। शक के आधार पर पुलिस की टीमें कई लोगों से पूछताछ कर चुकी हैं जो बच्चे को लेकर जाते दिखाई दिए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआइए एक, दो और तीन की टीमों के करीब 40 जवान बच्चे की तलाश में जुटे हैं।

अलग-अलग स्थानों की फुटेज को जोड़कर बच्चे और संदिग्ध युवक की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इंजीनियर के बेटे को 24 घंटे में कर लिया था बरामद

गत 12 जून को थर्मल पावर स्टेशन की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एक्सईएन) सुनीता के 12 वर्षीय बेटे कबीर की किडनैपिंग के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के मुताबिक वारदात का मास्टरमाइंड कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि कोचिंग सेंटर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा छात्र आदेश था।सीआइए की टीमों ने इस मामले में दूसरे जिलों की पुलिस का भी सहयोग लिया था। अब आहद के परिवार को भी उम्मीद है कि पुलिस उनके आहद को भी ला देगी।

बच्चों के साथ खेल रहा था आहद

मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे आहद छह वर्षीय बड़े भाई और गली के अन्य बच्चों के साथ पिता की मीट की रेहड़ी के पास खेल रहा था। करीब 20-25 मिनट बाद जब स्वजन ने उसे तलाश किया तो वह वहां नहीं मिला।

आसपास खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जनवरी 2023 में लापता हुई बच्ची का भी नहीं लगा था सुराग

शहर में बच्चों के लापता होने का एक पुराना मामला अभी भी अनसुलझा है। जनवरी 2023 में लापता एक बच्ची का करीब तीन साल बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। बच्ची के चाचा भारत ने बताया कि परिवार थानों और अधिकारियों के चक्कर काटते-काटते थक चुका है।

शुरुआत में उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी एक दिन जरूर मिल जाएगी, लेकिन लगातार तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। अब परिवार बेटी के मिलने की उम्मीद छोड़कर बैठ गया है।

आहद के मामले में परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे को ले जाने वाले युवक की पहचान कर उसे बरामद कर लेगी।

एसपी खुद कर रही मानटरिंग

एसपी मेधा भूषण मामले की स्वयं मानटरिंग कर रही है। सीआइए की टीमें मामले की जांच में लगी हुई है। एसपी पुलिस की टीमों से निरंतर इनपुट जुटा रही है। वहीं जल्दी से जल्दी बच्चे की बरामदगी को लेकर भी निर्देश दिए गए है।

यह भी पढ़ें- पानीपत में खेल रहे पांच साल के बच्चे का अपहरण, जांच में जुटी पुलिस; 25 से अधिक CCTV खंगाले