पानीपत में खेल रहे पांच साल के बच्चे का अपहरण, जांच में जुटी पुलिस; 25 से अधिक CCTV खंगाले
पानीपत की पुरेवाल कॉलोनी से मंगलवार शाम पांच साल का मासूम मोहम्मद आहद अपने पिता की रेहड़ी के पास से लापता हो गया।

पानीपत में खेल रहे पांच साल के बच्चे का अपहरण (फाइल फोटो)
HighLights
पानीपत में पांच वर्षीय मासूम मोहम्मद आहद अपने पिता की रेहड़ी से लापता।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।
बच्चे की खोज में 25 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
जागरण संवाददाता, पानीपत। पुरेवाल कॉलोनी में मंगलवार शाम पिता की मीट की रेहड़ी के पास खेल रहा पांच साल का मासूम मोहम्मद आहद लापता हो गया। करीब 20-25 मिनट तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने स्वजन की शिकायत पर बच्चे के अपहरण का केस दर्ज किया है।
पूरेवाल कालोनी निवासी चांद मोहम्मद ने बताया कि वह पीपल वाली गली में मीट की रेहड़ी लगाता है। उसके पांच बच्चे हैं। पांच वर्षीय आहद सबसे छोटा है। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे आहद अपने बड़े भाई और गली के अन्य बच्चों के साथ उसकी रेहड़ी के पास खेल रहा था। कुछ देर बाद आहद को देखा तो वह वहां नहीं मिला।
इसके बाद स्वजन ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि बच्चे की मां की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध बाइक सवारों तक पहुंचने के लिए लगाया है।
25 से अधिक सीसीटवी फुटेज खंगाले
सीआइए वन प्रभारी वीरेंद्र कुमार और पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने 25 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर बाइक सवार व्यक्ति और एक महिला से पूछताछ की, क्योंकि बाइक सवार के पीछे भी एक बच्चा बैठा हुआ था।
महिला भी एक बच्चे को अपने साथ लेकर गुजर रही थी। ऐसे में पुलिस ने शक के आधार पर दोनों की पहचान कर पूछताछ की तो पता चला कि दोनों के अपने ही बच्चे हैं।
