अभिभावकों के सहमति पत्र के बाद ही अंडर 18 के खिलाड़ी स्टेडियम में अभ्यास कर पाएंगे
पानीपत के खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों को इंट्री से पहले अपने अभिभावकों से अनुमति पत्र लाना होगा। इसे खेल विभाग में जमा कराना भी अनिवार्य है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शिवाजी स्टेडियम और राजीव गांधी स्टेडियम में 18 साल से कम आयु के खिलाड़ियों का आसानी से प्रवेश नहीं होगा। इसके लिए खिलाड़ी को अभिभावकों का सहमति पत्र लेना होगा और इसे खेल विभाग के कार्यालय में जमा कराना होगा। इसमें लिखा होगा कि अगर उसके बच्चे को खेल के दौरान कोई बीमारी व दिक्कत होती है तो जिम्मेदारी उनकी होगी। खेल विभाग की कोई जवाबदेही नहीं होगी। खेल अधिकारी जांच के बाद ही खिलाड़ी का पास बनाएगा। इसके बाद ही खिलाड़ी अभ्यास कर पाएंगे। जिले में अंडर-18 के करीब 2000 खिलाड़ी हैं। खेल विभाग ने ये एहतियात कोविड-19 को लेकर बरती है।
इन खेलों के खिलाड़ी कर पाएंगे अभ्यास
शिवाजी स्टेडियम में बॉक्सिग, एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक, वेट लिफ्टिग, हैंडबॉल और क्रिकेट की कोचिग होती है। एक घंटे की कोचिग होगी। इस दौरान एक खेल के 10 खिलाड़ी और एक कोच मैदान में होगा। इनके जाने के बाद दूसरे खेल के खिलाड़ी अभ्यास कर पाएंगे। खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों का पास बनाया जाएगा। इसी पास के आधार पर खिलाड़ियों का स्टेडियम में प्रवेश होगा।
कोचों की लगेगी क्लास
जिला खेल अधिकारी राजीव कुमार पावड़िया ने बताया कि कोचों की क्लास लगेगी। इसमें डॉक्टर उन्हें बताएंगे कि किस तरह से खिलाड़ियों को सैनिटाइज करना है। कैसे कोविड-19 को लेकर सावधानी बरतनी है। कोच यही जानकारी हर रोज खिलाड़ियों को देंगे। वे भी कोचों व खिलाड़ियों के गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
ये सावधानी रखी जाएगी
-गर्मी से खिलाड़ियों का बचाव करना होगा।
-खिलाड़ियों का एक ग्रुप अभ्यास करके स्टेडियम से निकलेगा। तभी दूसरे ग्रुप का प्रवेश होगा।
-गर्मी को देखते हुए जेल खेल अधिकारी खिलाड़ियों के लिए समय तालिका तैयार करेंगे।
-स्टेडियम के जिम व स्वीमिग पुल को बंद रखा जाएगा।