सियासत में फंसा शहर, अफसर छुट्टियों पर और कचरा सड़क पर
जेबीएम कंपनी दूसरे दिन कूड़े का उठान नहीं कर सकी। नगर निगम और जेबीएम कंपनी के सब दावे हो गए फेल। अधिकारी भैया दूज की छुट्टी पर दिनभर शहर में आकर झांके तक नहीं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दिवाली से पहले शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए अधिकारियों ने दावे किए। बैठकें भी ली लेकिन शहर न तो दिवाली से पहले साफ हो पाया और न ही दिवाली के बाद कूड़ा उठान हो सका। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। जेबीएम कंपनी के अधिकारी कूड़ा उठान कराने की बजाय त्योहारी छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं। दरअसल, पानीपत शहर यहां की सियासत में फंसा है। मेयर हैं नहीं। विधायक और भाजपा नेताओं की आपस में ही ठन रहती है। इस वजह से सफाई जैसे काम नहीं हो पाते।
दिवाली के बाद शनिवार को भी शहर से कूड़े का उठान नहीं हो पाया। असंध रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक समेत शहर के अन्य सेकेंडरी प्वाइंटों पर कूड़े के ढेर ऊंचे हो गए हैं। इनके आसपास से निकल पाना भी मुश्किल हो गया। जेबीएम कंपनी पूरा दिन सेकेंडरी प्वाइंटों से कूड़े का उठान नहीं कर सकी।
मुख्य सड़कों पर पड़ा रहा कूड़ा
प्रमुख सड़कों पर शुक्रवार को दिनभर झाडू नहीं लग पाया। ऐसे में सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहा। ऐसे में भैया दूज पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी अब इतने बेहतर ढंग से काम नहीं कर रही है। वहीं एलिवेटेड हाईवे के नीचे भी गंदगी के ढेर लगने लगे हैं।
शहरवासियों ने कंपनी के काम को बताया लचर
शहरवासियों ने कंपनी के काम पर अंसतोष जताया है। अशोक विहार कॉलोनी निवासी नूर हसन ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। किला मैदान के नजदीक सेकेंडरी प्वाइंट से कूड़े का उठान ठीक ढंग से नहीं हो पाता। भाटिया कॉलोनी निवासी मुकेश ने बताया कि शहर में गलियों से कूड़े का उठान ठीक से नहीं किया जाता। असंध रोड स्थित सेकेंडरी प्वाइंट से निकल पाना मुश्किल हो गया है।
इनका जवाब- जिम्मेदार से कर रहे काम
जेबीएम कंपनी के मैनेजर अतेंद्र का कहना है कि सेकेंडरी प्वाइंटों से दिन में दो बार कूड़ा उठाया जाता है। कर्मचारी अपना काम जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। शहर में कूड़ा उठान न होने की शिकायत भी नहीं मिली है। वे छुट्टी के चलते घर गए हुए हैं। शहर से कूड़े का उठान किया जा रहा है। वे इसकी तीनों समय रिपोर्ट ले रहे हैं। फिर भी कोई शिकायत है तो इसका समाधान किया जाएगा।
सोमवार को देखेंगे - ईओ
ईओ अरुण भार्गव का कहना है कि जेबीएम कंपनी को कूड़ा उठान के निर्देश दिए गए हैं। वे छुट्टी के चलते बाहर हैं। शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश है। वे सोमवार को आकर खुद मौका देखेंगे। शहर से कूड़ा उठान निर्धारित किया जाएगा।