ये हैं असल जिंदगी के हीरो, America से Kurukshetra लौटे नौ लोग, बच्चों सहित पहुंचे जांच कराने
कुरुक्षेत्र में नौ लोग अमेरिका से लौटे। जागरूकता के चलते परिवार सहित सभी जांच कराने के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंच गए हैं।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। धर्मनगरी में एक ही परिवार ने कुछ ऐसा किया कि वह दूसरों के लिए नजीर बन चुके हैं। अमेरिका से लौटा परिवार ने न सिर्फ जागरूकता दिखाई बल्कि दूसरों के सामने एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। वह परिवार सहित एलएनजेपी अस्पताल में कोरोना वायरस की जांच कराने पहुंच गए।
दरअसल कुरुक्षेत्र के एक गांव के नौ लोग अमेरिका से लौटे हैं। सभी पिछले हफ्ते ही कुरुक्षेत्र पहुंचे। इनमें बच्चे, महिला और पुरुष भी शामिल हैं। इनका एयरपोर्ट में तो चेकअप हो चुका था। बावजूद इन्होंने अपनी जिम्मेदारी समझी।
परिवार सहित पहुंचे अस्पताल
कुरुक्षेत्र के ब्यूरो चीफ जगमहेंद्र सरोहा ने बताया कि एक परिवार एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा। उसने स्टाफ को बताया कि वह अमेरिका से कुरुक्षेत्र लौटे हैं। ये सुनते ही स्टाफ सतर्क हो गया और डॉक्टर को बुलाया गया। इसकी जानकारी सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग को दी गई।
उन्हें जांच के लिए लेकर पहुंचे
परिवार के सभी सदस्यों को वार्ड में ले जाया गया। जहां उनका चेकअप किया गया। उनके सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
परिवार वालों का दावा, कोरोना के लक्षण नहीं, लेकिन जांच जरूरी
परिवार वालों ने बताया कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य को किसी भी तरह का कोई कोरोना का लक्षण नहीं नजर आ रहा है। हालांकि मौसम के चलते एक दो लोगों को खांसी जरूर है। लेकिन सतर्कता के चलते और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी था कि जांच कराएं।
सरपंच ने कराई मुनादी
वहीं गांव में सरपंच ने मुनादी भी कराई। मुनादी में कहा गया कि अगर कोई विदेश से आया है या किसी विदेशी के संपर्क में रहा या कोरोना वायरस के लक्षण हैं तो तत्काल इलाज के लिए संपर्क करें। उनका कहना है कि गांव के लोग भी जागरूक हैं।
कनाडा से लौटी बुजुर्ग महिला भर्ती
कनाडा से लौटी 65 वर्षीय महिला को खांसी-जुकाम की समस्या होने के बाद एलएनजेपी अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग महिला की हालत स्थिर बता रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक महिला 17 मार्च को ही कनाडा से लौटी है और उसे खांसी-जुकाम है। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत शाम साढ़े पांच बजे चिकित्सकों की टीम को अस्पताल में बुलाया। सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद महिला को छुट्टी देने या आगे उपचार जारी रखने पर विचार किया जाएगा। फिलहाल महिला की हालत स्थिर है।