ममता का कत्ल... कैथल में बच्ची को पैदा होते ही मां ने सड़क पर फेंका, कुत्तों ने नोच खाया
कैथल में कलयुगी मां की बेरहमी। बच्ची को पैदा होते ही फेंक दिया। कुत्तों ने बच्ची को नोच खाया। लोगों ने देखा तब तक कुत्ते बच्ची को आधा खा चुके थे। बालाजी कालोनी की गली नंबर दो में शव मिला। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कैथल, जेएनएन। शहर की बालाजी कालोनी गली नंबर दो में नवजात बच्ची का शव पड़ा हुआ मिला। उसे कुत्ते नोच रहे थे। जीवन रक्षक दल संस्था के सदस्यों ने इस बारे में सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रमेश चंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नवजात बच्ची के शव को सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया। यहां शव का पोस्टमार्टम करवाकर संस्था सदस्यों को सौंप दिया। करनाल रोड स्थित श्मशान भूमि में नवजात के शव को दफनाया गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पैर खा चुके थे आवारा कुत्ते
जीवन रक्षक दल संस्था के प्रधान राजू डोहर ने बताया कि बालाजी कालोनी गली नंबर दो में उनकी संस्था के सदस्य रहते हैं। बुधवार रात को एक नवजात लड़की का शव पड़ा हुआ देखा। उसे कुत्ते नोच रहे थे। कुत्तों ने बच्ची की एक टांग को तो पूरी तरह से नोच डाला था। इसकी जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। घटना को लेकर कालोनी के लोग वहां जमा हो गए। बच्ची के शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया। कालोनी वासियों ने कहा कि पुलिस को इस मामले को लेकर गंभीरता से जांच करनी चाहिए। कलयुगी मां ने बच्ची को जन्म देने के बाद बाहर क्यों फेंका। उक्त महिला का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
पहले भी आ चुके हैं इस तरह के मामले
जिले में नवजात बच्चे व भ्रूण मिलने का इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। प्रताप गेट पर तो एक महिला नवजात बच्ची को नाला में डालते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। पिछले साल का यह मामला है। इसी तरह से राजौंद के एक गांव में भी नवजात बच्ची को एक महिला खेतों में छोड़कर फरार हो गई थी।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें