हरियाणा दिवस पर फिर नई पॉलिसी, सेक्टरवासी इसलिए नाराज
सेक्टरवासी री-कैलकुलेशन की कर रहे थे मांग। सरकार फिर वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लाई। 30 नवंबर तक स्कीम रहेगी। सेक्टरवासी 25 नवंबर को जींद में जेल भरो आंदोलन करेंगे।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सरकार सेक्टरवासियों को लुभाने के लिए एक बार फिर वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लेकर आई है। सरकार ने एक नवंबर से एक महीने के लिए स्कीम शुरू करने का फैसला लिया है। जबकि सेक्टरवासी एन्हांसमेंट की कोई पॉलिसी लाने की बजाय री-कैलकुलेशन की मांग कर रहे हैं। सेक्टरवासियों ने 25 नवंबर को जींद में जेल भरो आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने एन्हांसमेंट को वसूलने के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम-टू को मंजूरी दी। एचएसवीपी ने इस की नौ शर्त लागू की हैं। ऑल सेक्टर्स एसोसिएशन पानीपत के जिला संयोजक बलजीत ङ्क्षसह ने कहा कि सेक्टरवासी एन्हांसमेंट की री-कैलकुलेशन की मांग कर रहे हैं। सरकार के साथ इस विषय पर कई बार बातचीत भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही। वे 25 नवंबर को जींद में जेल भरो आंदोलन करेंगे।
सेक्टर-29-टू के उद्यमियों में नाराजगी
पानीपत के सेक्टर-29-टू में सबसे ज्यादा एन्हांसमेंट आई है। प्रधान भीम राणा ने बताया कि उद्यमी पहले ही काम कम होने के चलते परेशान हैं। अब सरकार उन पर एन्हांसमेंट लगा रही है। उद्यमियों में वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लाइन पर रोष बढ़ गया है। वे री-कैलकुलेशन की मांग कर रहे हैं।
सरकार पहले भी ला चुकी है पॉलिसी
प्रदेश सरकार मई महीने में वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लेकर आई थी। उस समय सेक्टरवासी पानीपत में अनिश्चिकालीन धरने पर बैठ गए थे। इसका खुलकर विरोध किया गया था। इन सबके चलते सरकार एन्हांसमेंट वसूलने का टारगेट पूरा नहीं कर पाई थी। प्रदेश में कई सौ करोड़ रुपये का एन्हांसमेंट बकाया है।