Neeraj Chopra: छह घंटे गर्मी में प्रशंसकों से घिरे रहे नीरज, तबीयत बिगड़ी, दिल्ली में डाक्टरों से किया संपर्क, चंडीगढ़ रवाना
ओलिंपियन नीरज चोपड़ा अपने गांव खंडरा पहुंचे। खंडरा में लोगों ने नीरज का भव्य स्वागत किया। तभी अचानक नीरज चोपड़ा की तबियत बिगड़ गई। अचानक तभी नीरज को घर में ले जाया गया। जहां डॉक्टर उन्हें देख रहे हैं।
पानीपत, जागरण संवाददाता। ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज पहली बार अपने गांव खंडरा पहुंचे। पानीपत में उनका जोर शोर के साथ स्वागत किया गया। मंच पर नीरज को पगड़ी पहनाई गई। कुछ देर बाद अचानक उनकी तबियत बिगड़ने लगी। असहज महसूस होने पर नीरज ने परिजनों को अवगत कराया। इसी बीच उन्हें मंच से नीचे उतारा गया और घर ले जाया गया। नीरज के स्वजनों ने बताया कि आराम करने के बाद नीरज चंडीगढ़ रवाना हो गए। दरअसल, वहां उन्हें सीएम मनोहरलाल से मिलना है।
नीरज को मंच के पीछे से ले जाया गया। ओलिंपिक गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा की तबियत खराब होने पर परिवार वाले भी चिंतित हो गए। तभी डीसी सुशील सारवान ने चिकित्सक से बात कराई। इसके बाद दिल्ली में भी चिकित्सकों से बात की गई। डीसी सुशील सारवान ने बताया कि नीरज की तबियत फिलहाल ठीक है। दिल्ली के चिकित्सकों से बात हुई है। उन्हें आराम करने के लिए कहा गया है।
मंच से कहा, सभी से मिल नहीं पाउंगा, तबियत खराब है
नीरज ने अभिवादन की शुरुआत सभी का नमस्कार करते हुए की। कहा, मेरा भाषण बढि़या नहीं है। फिर भी कोशिश करता हूं। यहां पर बैठे बड़े बुजुर्ग, सीनियर खिलाडि़यों का धन्यवाद करता हूं। मैंने पहले भी कहा और फिर कह रहा, यह मेडल सिर्फ मेरा नहीं। इसमें आप लोगों की दुआएं और प्यार है। इसलिए मेडल देश का है। वहीं उन्होंने कहा कि भीड़ की वजह से गर्मी ज्यादा है। नीरज ने कहा, थोड़ी तबियत खराब है। सभी लोग अपना ध्यान रखें। मेरी तरह बीमार मत हो जाना।
गर्मी के कारण अस्वस्थ हुए
चिकित्सकों ने नीरज से बात करने के बाद कहा कि सुबह से लगातार यात्रा करने और भीड़ में होने की वजह से समस्या हुई है। कुछ देर आराम करने पर वह पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे। इसके बाद नीरज से किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है।
बुखार के कारण सम्मान समारोह में नहीं जा सके
बता दें कि तीन दिन पहले भी नीरज की तबियत खराब हुई थी। उन्हें काफी तेज बुखार आया था। हालांकि उनकी कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बुखार की वजह से हरियाण सरकार के सम्मान समारोह में भी शामिल नहीं हो पाए थे। नीरज समारोह में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जुड़े थे।
चिकित्सकों ने बताई ये वजह
बता दें कि नीरज सुबह आठ बजे समालखा पहुंच गए थे। इसके बाद करीब एक बजे गांव खंडरा पहुंचे। लगातार यात्रा करने और भीड़ में रहने की वजह से तबियत बिगड़ी है। कोई परेशानी वाली बात नहीं है। भीड़ से कुछ देर दूर रहने और आराम करने पर फिट हो जाएंगे। वहीं दिल्ली के चिकित्सकों से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने भी आराम करने की सलाह दी है।
मंच पर कूलर के सामने खड़े हो गए
गर्मी बेहद ज्यादा थी। नीरज चोपड़ा मंच पर आगे से उठकर पीछे कूलर के पास चले गए। काफी देर तक वहीं रुके रहे। इसके बाद उन्होंने बताया कि वह ठीक महसूस नहीं कर रहे। तभी चिकित्सकों से संपर्क किया गया।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें