करनाल में आपसी विवाद में युवक की हत्या, चाकू से गोदकर मार डाला
करनाल के घरौंडा के फुरलक गांव में चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी गई। देर रात वारदात को अंजाम दिया गया। आपसी विवाद हत्या की वजह बताई जा रही है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। करनाल में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। आपसी विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घरौंडा क्षेत्र के गांव फुरलक में उस समय सनसनी फैल गई जब आपसी विवाद में चाकू से गोदकर एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गांव में दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी हो गई थी, जिसके चलते एक पक्ष के कुछ लोगों ने करीब 30 वर्षीय शिव कुमार को चाकूओं से गोद दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले घरौंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से करनाल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही घरौंडा थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू किया।
गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। हालांकि अभी तक हत्या व विवाद के पीछे कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है जबकि पुलिस जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या के बाद आरोपित फरार हो गए जबकि पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भेज दिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच खूनी संर्घष के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, जांच की जा रही है।
इधर, कुरुक्षेत्र में क्लीनिक संचालक की गाड़ी को पहले मारी टक्कर फिर दी जान से मारने की धमकी
शाहाबाद पुलिस ने कार से टक्कर मारकर घायल करने एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सूढ़पुर निवासी ज्ञान चंद ने कहा कि वह गांव त्यौड़ा से अपना क्लीनिक बंद करके रात के समय मोटरसाइकिल से अपने गांव सूढ़पुर जा रहा था। जब वह गांव शरीफगढ़ से चढूनी गांव की सड़क पर जा रहा था तो अचानक एक कार चालक ने कार को लापरवाही से चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल के बराबर में कार लगाकर टक्कर मार दी जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया। कार चालक ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें