फोन पर बात करती रहती थी पत्नी, चरित्र पर शक हुआ तो पति ने गला रेता
पानीपत में एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि वह फोन पर अक्सर बात करती रहती थी। चरित्र पर शक होने से पति ने मार डाला।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के ऊझा रोड पर एकता विहार कॉलोनी में चाकू से गला रेतकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। झगड़े का कारण बना मोबाइल फोन। पति को शक था कि वह किसी और युवक से फोन पर बात करती रहती है। नशे में घर लौटे पति ने पत्नी को मार डाला। वह पत्नी का फोन लेकर फरार हो गया। आरोपित की मां इंद्रा की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
दरभंगा, बिहार की 20 वर्षीय काजल की शादी पानीपत में गुंजन के साथ हुई थी। गुंजन का परिवार बिहार के समस्तीपुर, बहुरठा का है। उसके पिता मदन मोहन ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है। शुक्रवार को भी ड्यूटी पर गया हुआ था। बेटा गुंजन नशे का आदि हो चुका है। हमेशा काजल से झगड़ा करता था। उसे शक था कि काजल किसी और युवक से फोन पर बात करती है। शुक्रवार को उसकी पत्नी इंद्रा देवी शाम को निजी अस्पताल में गई थी। दरअसल, उनकी पोती (छोटे बेटे की बेटी) की तबीयत खराब थी। वह उसकी रिपोर्ट लेने गई थी। घर पर तब काजल ही थी। पीछे से गुंजन घर आया। उन्हें शक है कि काजल फोन पर बात कर रही होगी। उसी समय झगड़ा हो गया। इसी झगड़े के कारण उसने काजल की चाकू मारकर हत्या कर दी। इंद्रा जब घर लौटी तो काजल का मृत शरीर पड़ा था।
मारपीट के कारण गिरा था गर्भ
काजल दो माह की गर्भवती हो गई थी। कुछ दिन पहले इसी मारपीट के कारण गर्भ गिर गया था। अब ऐसा झगड़ा हुआ कि उसकी जान ही ले ली।
इधर, शराबी पति ने पत्नी और सात माह की बेटी को किया चोटिल
न्यू विजय नगर की रीना ने बताया कि उसका पति राजन अक्सर शराब पीकर उसके साथ झगड़ा करता है। 18 मई को आरोपित पति झगड़ा करने के बाद उसे सात माह की बेटी जिया के साथ घर से निकाल दिया। वह अपने मायके चली गई। 19 मई को आरोपित पति ससुराल आकर गाली-गलौज करने लगा। आरोपित ने उसके और सात माह की बेटी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर कर लिया है।