हत्यारोपी पति का मोबाइल ऑन, नहीं रिसीव की कॉल
जागरण संवाददाता, पानीपत : पत्नी तिलिया उर्फ शीला की हत्या करने के आरोपी संजय ने मोबाइल फोन
जागरण संवाददाता, पानीपत : पत्नी तिलिया उर्फ शीला की हत्या करने के आरोपी संजय ने मोबाइल फोन तो ऑन कर लिया लेकिन कॉल रिसीव नहीं कर रहा। पत्नी के हत्या के बाद उसने मोबाइल बंद लिया था। शीला के मौसेरी बहन के पति बल्लू राम ने कई बार फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बिहार के भागलपुर जिले के बरेनी गांव की तिलिया उर्फ शीला की शादी की उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के निबोरा गांव निवासी संजय से हुई थी। तिलिया के मौसेरी बहन और उसका पति बल्लू विकास नगर में रहते हैं। शादी के बाद शीला और संजय पानीपत आकर उनके पास रहने लगे। बल्लू राम ने बताया कि उन दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। दोनों 15 दिन उनके पास रहे। इसके बाद दोनों एकता विहार कालोनी में किराये पर रहने लगे। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे संजय ने फोन करके कहा कि तिलिया दूसरे के घर बैठी हुई है। इसके बाद क्या हुआ कुछ पता नहीं। शाम 7 बजे पुलिस उनके पास गई और उसको एकता विहार कालोनी में लेकर गई। कमरे में तख्त पर तिलिया का शव पड़ा था। उसने संजय को फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। शुक्रवार को उसके फोन पर बेल जा रही, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा।
ब्वायलर में कोयला डालता था
बल्लू ने बताया कि संजय सेक्टर 29 की एक फैक्ट्री में ब्वायलर में कोयला डालने का काम करता था। उसकी पत्नी शीला घर पर रहती थी। जब से वे विकास नगर से गए थे, उसके बाद उनसे बात नहीं हुई। बृहस्पतिवार को ही फोन आया था। परिजनों के आने में दो दिन लगेंगे, इसलिए वह ही शव का संस्कार करेगा।
चेहरे पर सूजन
शीला के चेहरे पर सूजन थी। माना जा रहा है कि हत्या करने से पहले उसके चेहरे पर जोर-जोर से थप्पड़ मारे होंगे, तभी तो उसका चेहरे पर सूजन आ गई थी। चेहरे पर चोटे के भी निशान थे। डॉक्टर दीपक ने बताया कि दम घुटने से महिला की मौत हुई है। ऐसा लगता है कि तकिये या किसी चीज से नाक-मुंह दबाने से दम घुट गया होगा।