Move to Jagran APP

यमुनानगर में मिनिस्‍ट्री आफ फर्टिलाइजर टीम की रेड, प्‍लाईवुड फैक्ट्रियां बंद कर सड़क‍ पर उतरे श्रमिक, हंगामा

मिनिस्ट्री आफ फर्टिलाइजर की टीम ने यमुनानगर में रेड की। विरोध में प्लाईवुड फैक्ट्रियां बंद कर सड़क पर श्रमिक आ गए। इसके बाद जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा है। लोगों से बातचीत की जा रही है।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Fri, 20 May 2022 01:13 PM (IST)Updated: Fri, 20 May 2022 01:13 PM (IST)
यमुनानगर में मिनिस्‍ट्री आफ फर्टिलाइजर टीम की रेड, प्‍लाईवुड फैक्ट्रियां बंद कर सड़क‍ पर उतरे श्रमिक, हंगामा
यमुनानगर में रेड का विरोध जताते श्रमिक।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। केंद्र सरकार की फर्टिलाइजर की टीमों की रेड से प्लाईवुड व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अलग-अलग टीमों ने यहां पर रेड की। जोडियो में नीलगिरी प्लाईवुड पर टीम पहुंची। जिसके विरोध में श्रमिक सड़कों पर आ गए। यहां पर श्रमिकों ने जाम लगा दिया। सड़क पर लकड़ी व डालकर पूरा रोड बंद कर दिया गया। अन्य प्लाईवुड व्यापारियों ने विरोध जताते हुए अपनी इकाईयां बंद कर दी।

loksabha election banner

व्यापारियों का कहना है कि पहले ही व्यापार मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में जीएसटी की रेड से कारोबार पर असर पड़ रहा है। काम बंद हाे रहा है। इस तरह से वह व्यापार नहीं कर सकेंगे। वहीं फैक्ट्री मैनेजर अनिल ठाकुर ने कहा कि मालिकों ने फैक्ट्रियां बंद कर दी है। उनके रोजगार पर संकट आ गया है। पुराने बिल टीम मांग रही है। कहां से पुराने बिल दें।

वीरवार से ही मिनिस्ट्री आफ फर्टिलाइजर की टीमों के प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर रेड की सूचना मिल गई थी, क्योंकि पुलिस सुरक्षा के लिए पहले ही प्रशासन को पत्र भेज दिया था। यह सुरक्षा इसलिए भी मांगी गई थी, क्योंकि 25 अप्रैल को करेहडा खुर्द में रेड के दौरान जीएसटी की टीम पर हमला हो चुका है। बताया जा रहा है कि सुबह छह टीमों ने अलग-अलग जगह पर रेड की। इसमें जोडियो, इंडस्ट्री एरिया और पांसरा में रेड की। वहीं टीम के एक अधिकारी ने बताया कि तीन साल का यूरिया का रिकार्ड मांगा जा रहा है।

यूरिया के बिलों में हेराफेरी की जांच

यमुनानगर में प्लाईवुड इंडस्ट्री में सब्सिडी वाले कृषि यूरिया का प्रयोग किया जाता है। अवैध रूप से इस यूरिया का प्रयोग किया जाता है, क्योंकि टेक्निकल यूरिया काफी महंगा पड़ता है। सब्सिडी वाला यूरिया करीब 300 रुपये में पड़ता है। जबकि टेक्निकल यूरिया 4600 रुपये प्रति बैग पड़ता है। इसमें ही प्लाईवुड फैक्ट्री संचालक हेराफेरी करते हैं। यह टेक्निकल यूरिया का फर्जी बिल तैयार कराते हैं। इसमें खाद विक्रेता की भी मिलीभगत होती है। अब यह टीम इस बात की जांच करेगी कि कारोबारी जो बिल उन्हें दिखा रहे हैं क्या वो सही हैं। यह टीमें टेक्निकल बिल इश्यू करने वाली फर्म तक भी जाएगी। बता दें यहां प्लाईवुड की छोटी-बड़ी 1200 फैक्ट्रियां हैं। अधिकतर में कृषि योग्य खाद का प्रयोग होता है।

यहां हो चुकी 25 अप्रैल को रेड

25 अप्रैल को करेहडा खुर्द में एमएस खाद भंडार व हर्षित ट्रेडर्स के गाेदाम पर डायरेक्टर जनरल आफ जीएसटी इंटेलीजेंस गुरुग्राम जोनल की टीम ने रेड की थी। जिसमें सीनियर इंटेलीजेंस आफिसर आशीष मित्तल, इंटेलीजेंस आफिसर देवेंद्र मनी, प्रदीप मलिक व योगेश ढाका गाड़ी में पहुंचे थे। उनके साथ गाड़ी में ड्राइवर दर्शन यादव भी था। टीम ने दो दिनों तक यहां पर बिलों की जांच की। जांच में सामने आया कि टेक्निकल यूरिया की जगह कृषि बिल काटे गए हैं। करीब 90 लाख रुपये की जीएसटी चोरी की गई है। रेड पूरी करने के बाद 26 अप्रैल की रात करीब नौ बजे जीएसटी चोरी के आरोप में संचालक मनोज कुमार को हिरासत में ले लिया गया था। जैसे ही उसे हिरासत में लेकर टीम गाड़ी में बिठाकर चलने लगी, तभी उन पर हमला बोल दिया गया था। करीब 20 महिला व पुरुषों ने अचानक से टीम पर हमला बोलकर मनाेज को छुड़वा लिया था। इस मामले में मनोज, उसके चाचा अाज्ञाराम व विनय कुमार समेत 20 पर मामला दर्ज हुआ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.