Lok Sabha चुनाव के लिए मनोहर मंत्र, जनता को बताओ मोदी ही लेंगे पुलवामा का बदला
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चार लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों की कलस्टर कार्यशाला ली। इसमें कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए मंत्र दिए।
पानीपत/कुरुक्षेत्र [पंकज आत्रेय]। पुलवामा में हुए आतंकी हमले का बदला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही ले सकते हैं। लोकसभा चुनाव-2019 के प्रचार के दौरान भाजपा का हर कार्यकर्ता यही संदेश लेकर जनता के बीच जाए कि आतंकवादियों और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना है तो नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना होगा। ये बातें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित चार लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों की कलस्टर कार्यशाला में कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को अगर कोई सबक सीखा सकता है तो वह सिर्फ नरेंद्र मोदी हैं। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 70 साल में उनकी गलत नीतियों के कारण देश पिछड़ता रहा। देश में नक्सलवाद की समस्या हो या कश्मीर में अशांति दोनों के लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है।
राजनीति की पिच पर मोदी करेंगे इमरान को बोल्ड : विश्वास नारंग
भाजपा के प्रदेश लोकसभा चुनाव सह प्रभारी और मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री विश्वास नारंग ने कहा कि इमरान खान ने बेशक क्रिकेट में खिलाडिय़ों को क्लीन बोल्ड किया हो, लेकिन राजनीति की इस पिच पर मोदी उन्हें बोल्ड करेंगे। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को चिंता सताने लगाने है कि मोदी जी की अगली रणनीति क्या होगी। कार्यशाला को प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुभाष बराला ने भी संबोधित किया। वहीं कार्यशाला की शुरुआत में दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।