पानीपत में डेढ़ महीने पहले मांगी थी एक करोड़ की रंगदारी, अब खेत में घुसकर जानलेवा हमला
परढ़ाना निवासी बिजेंद्र पर खेत में करीब 15 लोगों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजनों का आरोप है कि डेढ़ महीने पहले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और पुलिस की निष्क्रियता के कारण यह हमला हुआ।
-1795966915147_m.webp)
पानीपत में एक करोड़ की रंगदारी मांगने के बाद खेत में बिजेंद्र पर जानलेवा हमला।
HighLights
बिजेंद्र पर खेत में 15 हमलावरों ने जानलेवा हमला किया
डेढ़ महीने पहले एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी
स्वजनों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए, कार्रवाई की मांग
संवाद सहयोगी, इसराना। परढ़ाना निवासी बिजेंद्र पर खेत में करीब 15 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने चाकू और लाठी-डंडों से उसे बुरी तरह पीटा।
चाकू से हाथ और पेट पर वार किए, जबकि हाथ-पैर भी तोड़ दिए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजन का आरोप है कि करीब डेढ़ महीने पहले बिजेंद्र से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव संदीप शांडिल्य ने बताया कि बिजेंद्र उनका भांजा है। वह खेत में डाई हाउस और केमिकल प्लांट का काम कर रहा था। इसी दौरान नौल्था निवासी नरेंद्र अपने दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति के साथ पहुंचा और मारपीट की।
आरोप है कि इसके बाद दोबारा धमकी दी गई। पुलिस को सूचना देने के बावजूद कुछ समय बाद दो गाड़ियों में करीब 15 हमलावर पहुंचे और बिजेंद्र को घेरकर हमला कर दिया।
संदीप ने बताया कि केमिकल प्लांट में साझेदारी के कामकाज का हिसाब नहीं देने और बकाया राशि नहीं लौटाने को लेकर विवाद चल रहा था। स्वजन का आरोप है कि डेढ़ महीने पहले एक व्यक्ति ने खुद को सरदार मलकीत बताकर फोन किया और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
मामले की जांच सीआईए को सौंपी गई थी। परिवार ने एसपी से मिलकर भी शिकायत दी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्वजन ने रंगदारी और हमले के पीछे एक ही गिरोह होने की आशंका जताते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।