ममता फिर शर्मसार, कपड़े में लिपटी मिली 20 दिन की दुधमुंही
मां की ममता एक बार फिर से शर्मसार हुई है। भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन के पास करीब बीस दिन की एक नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी मिली। मामला रविवार देर रात का है।
जागरण संवाददाता, समालखा : मां की ममता एक बार फिर से शर्मसार हुई। भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन के पास करीब बीस दिन की एक नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी मिली। मामला रविवार देर रात का है। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और बच्ची को सीडब्ल्यूसी के माध्यम से पानीपत के सामान्य अस्पताल में छोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी चौकी के एसआइ सुरेश कुमार ने बताया कि भोड़वाल माजरी स्टेशन के निकट कच्चा रास्ता है। रविवार की रात ढाई बजे के करीब स्टेशन के पास ही झोपड़ी डालकर रहने वालों को बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो कपड़े में एक दुधमुंही बच्ची लिपटी हुई थी। उसे उठाकर साथ ले गए। सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी।
बच्ची करीब बीस दिन की है। जिसे एक चुनरी में लपेट कर छोड़ा गया है। फिलहाल सीडब्ल्यूसी के माध्यम से बच्ची को पानीपत के सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों की देखभाल में छोड़ा गया है। बच्ची स्वस्थ है। किसने और उसे क्यों ऐसी हालात में छोड़ा, इसका कोई पता नहीं चल पाया है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मां का पता लगाया जा रहा है।