बर्थडे गर्ल की दोस्त पर आया स्टूडियो फोटोग्राफर का दिल, फिर शुरू हुई लव स्टोरी, अब थाने पहुंची प्रेमिका
यमुनानगर में एक बीए फाइनल एयर की छात्रा पर स्टूडियो फोटोग्राफर का दिल आ गया। इसके बाद उससे दोस्ती करके शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया। फिर अपने परिवार वालों से भी मिलाने ले गया। अब उसने शादी से इंकार कर दिया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में एक अजीबोगरीब लव स्टोरी सामने आई है। बर्थडे गर्ल की दोस्त पर पहले स्टूडियो फोटोग्राफर कर दिल आ गया। उसने दोस्ती की और बाद में शादी का वायदा करते हुए प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद उससे संबंध बनाने की भी कोशिश की। मना करने पर परिवार वालों से भी मिला दिया। अचानक इस लव स्टोरी में मोड़ आ गया और शादी से इंकार कर दिया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही।
बीए फाइनल वर्ष की छात्रा को फोटोग्राफर राजकुमार ने प्रेम जाल में फंसाया। उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश की। अब आरोपित ने इंकार कर दिया और उसे जातिसूचक शब्द कहे। पीड़िता की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। मामले में आरोपित राजकुमार, उसकी मां व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया।
जन्मदिन में आया था फोटोग्राफर
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, युवती जगाधरी के कालेज में बीए फाइनल वर्ष की छात्रा है। युवती के साथ पढ़ने वाली छात्रा का 22 जनवरी को जन्मदिन था। इस मौके पर उसने माडल टाउन के किड्डी कैपर में पार्टी रखी थी। इसी पार्टी में राजकुमार बतौर फोटोग्राफर आया हुआ था।
प्रेम जाल में फंसाने का आरोप
युवती का आरोप है कि पार्टी में ही एक अन्य युवती ने राजकुमार ने उससे बात करने के संदेश भिजवाया। उससे बात करने से मना कर दिया, लेकिन राजकुमार पीछे पड़ा रहा और उसे बातों में उलझाकर प्रेम जाल में फंसा लिया। राजकुमार ने उसे शादी का झांसा दिया और संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन उसने मना कर दिया। बाद में वह उसे अपनी मां सोनिया से मिलवाने के लिए लेकर गया।
बहू बनाने के लिए शगुन तक दे दिया
राजकुमार की मां ने शगुन दे दिया। युवती ने उन्हें बता दिया कि वह अनुसूचित जाति से है। इस बात का राजकुमार की लुधियाना वाली मौसी को पता लगा, तो उसने शादी से इंकार कर दिया। जब उस पर दबाव बनाया, तो आरोपित उसे धमकी देने लगा। अब आरोपित न तो उससे बात कर रहा है और न ही उसका फोन उठा रहा है। युवती का आरोप है कि आरोपित ने उसे शादी का झांसा देकर संबंध बनाने की कोशिश की। अब वह उसकी जाति को लेकर गालियां दे रहा है।