Facebook पर दोस्ती के बाद हुआ प्यार, बिहार से पानीपत पहुंच गई नाबालिग छात्रा
फेसबुक पर दोस्ती के बाद नाबालिग छात्रा को नाबालिग लड़के से प्यार हो गया। छात्रा अपने प्यार को पाने के लिए बिहार से पानीपत पहुंच गई।
जेएनएन, पानीपत। Facebook पर दोस्ती को दो नाबालिगों ने शादी में बदलने का फैसला कर लिया। लड़की बिहार की और लड़का पानीपत का। लड़की प्यार के लिए घरवालों को बिना बताए 1200 किलोमीटर की दूरी तय कर पानीपत पहुंच गई। मगर लड़के के परिवार वालों ने उसे बेटे से नहीं मिलने दिया और उसे बाल कल्याण केंद्र भी भेज दिया। लड़की के स्वजनों को बिहार के जिला मधुबनी में सूचित कर दिया गया है।
दसवीं कक्षा की छात्रा दो महीने से स्कूल नहीं जा रही। आठ महीने पहले पानीपत के लड़के ने उसे Facebook पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। किशोरी ने उसे स्वीकार कर तुरंत दोस्ती को कबूल करने का मैसेज भेजा। एक-दूसरे का नाम-पता जानने के बाद संदेशों का आदान-प्रदान होने लगा। एक-दो माह तो दोस्तों की तरह बातचीत चलती रही। चैट करते-करते कब एक-दूसरे को दिल दे बैठे, पता ही नहीं चला।
लड़के ने बताया कि वह एक कंपनी में जॉब करता है। इसके बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने को तैयार हो गए। लड़के के निमंत्रण पर शनिवार को किशोरी ने स्वजनों को बिना बताए घर छोड़ दिया और ट्रेन में बैठकर दिल्ली पहुंच गई। वहां से बस में बैठकर सोमवार सुबह पानीपत पहुंची। यहां लड़के के स्वजनों ने उससे मुलाकात की। घर ले जाने के बजाय सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश कर दिया। आधार कार्ड में लड़की की जन्मतिथि 2006 की दर्ज है। लड़की का दावा है कि उसका जन्म 2002 में हुआ है। वहीं, लड़का भी 16 साल का बताया गया है।
वजीफे की रकम किराये में खर्च डाली
किशोरी ने बताया कि वजीफा के दो हजार रुपये बैंक खाते में जमा थे। रकम व दो जोड़ी कपड़े लेकर घर से निकली। किराये और खाने-पीने में 1400 रुपये खर्च हो गए हैं।अब उसे स्वजनों और पड़ोसियों के तानों का डर है और घर नहीं लौटना चाहती।
बोली- पांच जन्म इंतजार करूंगी
किशोरी को बताया गया कि लड़का 16 साल का है, पांच साल तक शादी नहीं हो सकती। उसने जबाव दिया कि पांच साल क्या, पांच जन्म इंतजार कर लूंगी, मगर शादी उसी से करनी है। किशोरी एक बार लड़के का चेहरा देखने की जिद भी करती रही।
काउंसिलिंग कराई जाएगी
बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन पदमा रानी का कहना है कि लड़का-लड़की दोनों नाबालिग हैं। लड़के के स्वजनों को मामले का पता ही तब चला, जब लड़की पानीपत पहुंच चुकी थी। लड़की के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने तक उसे चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशन में रखा जाएगा। काउंसिलिंग कराई जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें