Lockdown की हकीकत से रूबरू करातीं तस्वीरें, Panipat में नहीं दिख रहा असर
कोरोना वायरस के संदिग्ध लगातार सामने आने के बाद पानीपत को लॉकडाउन कर दिया गया है। लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। लोग सड़कों पर टहल रहे हैं।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव केस और आशंकित मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते लॉकडाउन कर दिया गया है। सरकार ने कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए 31 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। बावजूद लोगों की लापरवाही कायम है। सड़कों पर लोगों का आना जाना जारी है। सब्जी मंडी में भीड़ भी है। आइए आपको दिखाते हैं लॉकडाउन की हकीकत से रूबरू करातीं तस्वीरें।
कोरोना वायरस (कोविड-19) से मुकाबले की तैयारी अब युद्धस्तर पर है। प्रदेश सरकार ने जिले में महामारी रोग अधिनियम-1897 के तहत 31 मार्च तक लॉकडाउन के आदेश जारी कर दिए हैं। रोडवेज बसें, ऑटो-टैक्सी, बाजार, साप्ताहिक पैंठ और मॉल बंद रहेंगे। जनमानस को दिक्कत न हो, इसके लिए तमाम जरूरी सेवाएं सुचारू रहेंगी।
ये सुविधाएं चालू रहेंगी
जिलाधीश हेमा शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान जिले में पेयजल, सीवरेज सेवा, बिजली सेवा, बैंङ्क्षकग सेवाएं, रना, टेलीफोन, इंटरनेट सेवाएं चालू रहेंगी। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए यातायात सेवाएं, पोस्टल सर्विसेज, भोजन, सब्जी की दुकानें, करियाना दुकानें, सरकारी-प्राइवेट अस्पताल, मेडिकल सेंटर, दवा दुकानें खुली रहेंगी। बिजली आपूर्ति पहले की भांति रहेगी। पेट्रोल पंप, मीडिया संस्थान, गैस एजेंसी जैसी अत्यंत जरूरी सेवाएं सुचारू रहेंगी।
इन पर रोक
जिला प्रशासन के मुताबिक 31 मार्च तक सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाएं (रोडवेज-प्राइवेट बसें और ट्रेनें), ऑटो रिक्शा, टैक्सी के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। निजी-कॉरपोरेट प्रतिष्ठान, कारखाने, स्कूल-कॉलेज आदि बंद रहेंगे। स्थानीय बाजार, साप्ताहिक बाजार व शॉङ्क्षपग मॉल बंद रहेंगे।
पार्क और सामुदायिक केंद्र बंद
लॉक डाउन के चलते जिलाधीश ने सभी पार्कों, सामुदायिक केंद्रों सहित ऐसे सभी प्रतिष्ठानों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, जहां अधिक लोग एकत्र होने की संभावना है। जारी आदेशों के मुताबिक किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या इससे अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकेंगे।
उल्लंघन पर होगा मुकदमा दर्ज
लॉक डाउन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। उल्लंघन करने पर अधिकारी उन्हें समझाएं कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने यह कदम उठाए हैं। नहीं मानने पर प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जुर्माना और सजा, दोनों हो सकती हैं।
सिविल अस्पताल में गंभीर रोगियों को इलाज
सिविल अस्पताल में कुछ ओपीडी को बंद रखा जाएगा। फॉलोअप वाले मरीजों में उन्हीं को प्रवेश मिलेगा जिन्हें अधिक दिक्क्त है। नए मरीजों में भी गंभीर रोगियों को इलाज मिलेगा। सभी मरीजों को कम से कम 20-25 दिन की मेडिसिन दी जाएगी। इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रहेंगी। डिप्टी एमएस डॉ. अमित पोडिय़ा ने इसकी पुष्टि की है।
जनमानस से अपील है कि लॉक डाउन का निर्णय उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने लिया है। सभी इसका पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। अपने घर पर ही सुरक्षित रहें, बाहर तभी निकलें जब अति आवश्यक वस्तुएं क्रय करनी हों।
हेमा शर्मा, जिलाधीश
पानीपत में सनौली रोड स्थित सब्जी मंडी में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ लगी रही। सैकड़ों की संख्या में लोग सब्जी मंडी में खरीदारी कर रहे थे।
पानीपत में दुकानेंं खुलीं।