Panipat Coronavirus News Update : पानीपत में तीन और कोरोना संक्रमित मिले, एक होम आइसोलेशन में रखा
पानीपत में एक तरफ पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक हो गए हैं वहीं तीन और संक्रमित मिले। स्वस्थ होने वालों में तीन महिलाएं शामिल हैं।
पानीपत, जेएनएन। कोरोना वायरस (कोविड-19) पॉजिटिव सोमवार को तीन केस मिले हैं। तीन महिलाओं सहित पांच ने संक्रमण को मात भी दी है। पांचों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इसी के साथ स्वस्थ होने वालों की संख्या 95 तक पहुंच गई है। संक्रमितों में से एक को होम आइसोलेशन में रखा जाएगा।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि हरिबाग कॉलोनी वासी 32 वर्षीय युवक यूके से लौटकर आया और होटल में ठहरा हुआ था। उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। युवक के कहने पर उसे पार्क अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी वासी 38 वर्षीय व्यक्ति का काबड़ी रोड पर एक कंप्यूटर सेंटर में काम करता है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। मॉडल टाउन वासी 34 वर्षीय युवक दिल्ली से लौटा था। संक्रमित मिलने पर उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है। डिस्चार्ज होने वालों में संतनगर की 19 वर्षीय युवती, भगत नगर के 26 वर्षीय युवक, स्थानीय सेक्टर 11-12 की 68 वर्षीय महिला, नूरवाला का 53 वर्षीय पुरुष और 36 वर्षीय महिला शामिल हैं।
सिविल सर्जन के मुताबिक सोमवार को 138 की रिपोर्ट नेगेटिव भी मिली हैं। कोविड-19 के तहत कुल 7221 सैंपल लिए गए हैं। 7030 की रिपोर्ट नेगेटिव मिल चुकी है। सोमवार को भेजे गए 95 सैंपल सहित 157 की रिपोट््र्स का परिणाम अभी प्राप्त नहीं हुआ है। कुल पॉजिटिव मिले 137 केसों में से 36 एक्टिव रह गए हैं।
दूसरे जिलों-राज्यों ने आने वालों पर रखें नजर
डीसी धर्मेंद्र ङ्क्षसह ने कोविड-19 के तहत तहसील स्तर पर बनाए गए नोडल अधिकारियों और घटना कमांडरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विगत दिनों में दूसरे राज्यों से पानीपत लौटने वालों की संख्या में एकाएक वृद्धि हुई है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में आने वालों की सूचना एकत्र करें। कुछ आगंतुक तो सरल पोर्टल पर अपनी सूचना अपलोड कर रहे हैं, नहीं करने वालों की संख्या भी कम नहीं है।