छात्राओं को मासिक धर्म में स्वच्छता रखने की दी सीख
वन स्टाप(सखी) सेंटर की ओर से महिला शक्ति केंद्र नामक कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शिव नगर स्थित कन्या विद्यालय में मासिक धर्म के दौरान रखे स्वच्छता विषय पर जागरूकता शिविर लगाया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : वन स्टाप(सखी) सेंटर की ओर से महिला शक्ति केंद्र नामक कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शुक्रवार को शिव नगर स्थित कन्या विद्यालय में मासिक धर्म के दौरान रखे स्वच्छता विषय पर जागरूकता शिविर लगाया गया।
सिविल अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सुमन ने छात्राओं को बताया कि मासिक धर्म महिलाओं में होने वाली सामान्य प्रक्रिया है। इस दौरान निजी अंगों की स्वच्छता रखनी बहुत जरूरी है। मेडिकल स्टोर से खुद सैनिटरी नैपिकन खरीदनी पड़े या परिवार के किसी सदस्य से मंगवानी हो, झिझकें नहीं। उन्होंने फिल्म पैडमैन का जिक्र करते हुए छात्राओं को जागरूक किया। बताया कि स्वच्छता नहीं रखने से संक्रमण का खतरा रहता है। सखी सेंटर की प्रबंधिका ईशा ने छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्हें वन स्टाफ सेंटर के विषय में बताया। इस मौके पर स्कूल का स्टाफ भी मौजूद रहा।
इन बातों का रखें ख्याल :
-मासिक धर्म में सैनिटरी नैपकिन का प्रयोग करें।
-छह घंटे के अंतराल पर सैनिटरी नैपकिन बदलना चाहिए।
-पीरियड्स के समय शरीर में दर्द होने पर गुनगुने पानी से नहाएं।
-शौचालय जाना हो तो सफाई वाली जगह पर जाएं।
-खान-पान का रखें ख्याल। आसानी से पचने वाला आहार लें।
हिसा, अपराध पर 181 नंबर डायल करें महिलाएं
संस, सनौली : महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 11 से 24 जनवरी तक चलाए जा रहे जागरूकता पखवाड़े के तहत वन स्टाप सेंटर टीम पानीपत ने जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जलमाना में सरपंच सुंदरपाल रावल व आंगनबाड़ी वर्करों के माध्यम से जागरूक किया गया। रावल ने कहा कि अस्थायी सुविधा, कानूनी सहायता, परामर्श, स्वास्थ्य सेवा, पुलिस सहायता व आपातकालीन सेवा के लिए महिलाएं किसी भी समय 181 नंबर डायल कर सकती हैं। सभी सेवाएं सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध हैं।