Kisan Andolan: करनाल में किसान पंचायत, चढ़ूनी बोले- हमें नहीं पता राकेश टिकैत आएंगे या नहीं
करनाल के घरौंड़ा में किसान पंचायत शुरू हो गई है। इस पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी पहुंचे। पंचायत में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा में किसानों पर लाठीचार्ज मामले में बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
करनाल, जागरण संवाददाता। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर शनिवार को पुलिस द्वारा किसानों पर किए गए लाठीचार्ज के बाद आज किसान घरौंडा अनाजमंडी में किसान पंचायत कर रहे हैं, जिसमें सैंकडों किसान पहुंच चुके हैं। किसान नेताओं में फिलहाल गुरनाम सिंह चढूनी पहुंचे, जिन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसान नेता राकेश टिकैत आएंगे या नहीं उन्हें कोई पता नहीं है। उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है।
किसान पंचायत में हरियाणा के सभी किसान संगठन भाग ले रहे हैं और अभी बड़ी संख्या में किसान यहां जमा होने हैं। महापंचायत में अब दूसरे राज्यों के किसान भी आने की सूचनाएं मिल रही है, जिसके चलते अब प्रबंध भी बढ़ा दिए गए हैं।
गुमराह कर रहा प्रशासन
चढ़ूनी ने कहा कि गांव रायपुर जटान वासी किसान सुशील काजल की मौत काे लेकर प्रशासन गुमराह करने में लगा है। हालात को देख स्पष्ट लग रहा है कि उसकी मौत पुलिस की लाठियों से हुई है। जब पुलिस की लाठियों से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो पुलिस ने जाने भी नहीं दिया गया और स्वजन उसे घर ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के हालात से पता चल रहा है कि पुलिस के लाठीचार्ज के चलते ही उसकी मौत हुई है, जिसकी जांच कराई जानी चाहिए।
कार्रवाई की मांग
चढूनी ने लाठीचार्ज के आदेश देने वाले व करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर जब किसानों के सिर फोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों को उकसा रहे हैं, जिसकी वीडियो भी वायरल हो चुकी है। ऐसे अधिकारी पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए थी।
पुलिसकर्मी पर हमला करने पर ये कहा
एक किसान द्वारा कस्सी से पुलिसकर्मियों पर हमला करने को लेकर कहा कि वह अपने खेतों में काम कर रहा था। उसने पुलिस पर कोई हमला नहीं किया है। चढूनी नेे कहा कि महापंचायत में पूरे मामले को लेकर विस्तार से चर्चा कर अहम फैसला लिया जाएगा, जिसके बाद अगला कदम उठाया जाएगा।
पुलिस अलर्ट
पंचायत के चलते पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट है। टोल प्लाजा व महापंचायत स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। महापंचायत व किसानों की पल-पल की खबर खुफिया कर्मी उच्चाधिकारियों को दे रहे हैं तो वहीं पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया, जिला उपायुक्त निशान यादव भी इस पर निगाहें टिकाए हुए हैं।