लोकसभा के सियासी रण में महिलाओं को उतारेगी भाजपा : कविता जैन
लोकसभा के सियासी रण में महिला शक्ति अपनी काबलियत दिखाएगी। भाजपा सम्मानपूर्वक महिलाओं को फ्रंटलाइन पर रख कर चुनाव लड़ेगी।
पानीपत, जेएनएन। लोकसभा के सियासी रण में महिला शक्ति अपनी काबलियत दिखाएगी। भाजपा सम्मानपूर्वक महिलाओं को फ्रंटलाइन पर रख कर चुनाव लड़ेगी। महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का इस रण में विशेष योगदान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र में देशभर के 22 हजार से अधिक अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात महिला बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कही। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर स्वच्छ शक्ति 2019 कार्यक्रम को पीएम नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। देशभर से आए करीब साढ़े सात हजार महिला स्वच्छता कर्मी और हरियाणा के करीब 15 हजार महिला पंच और सरपंच इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। कुरुक्षेत्र में देशभर से आने वाली महिलाओं को हरियाणवीं भाषा, संस्कृति और रहन सहन से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विधायक रोहिता रेवड़ी, प्रदेशाध्यक्ष निर्मला वैरागी, डॉ. अर्चना गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, गजेंद्र सलूजा और दीपक सलूजा मौजूद थे।
भ्रष्टाचार की फाइलें खंगाली जाएंगी
पानीपत में जेबीएम कंपनी के भ्रष्टाचार मामले में पूछे गए सवाल में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फाइलें उनके पास नहीं आई है। जो भी इस मामले में लिप्त होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, नई मेयर अवनीत कौर नई सोच के साथ शहर की समस्याओं का समाधान करेंगी।