नीरज चोपड़ा की कोहनी की सर्जरी, पीएम मोदी ने किया ट्वीट-बहादुर नौजवान
प्रेक्टिस के दौरान कोहनी में दर्द की शिकायत रहने पर बुधवार को एथलीट नीरज चोपड़ा ने मुंबई के अस्पताल में ऑपरेशन कराया। वहीं पीएम ने भी नीरज के लिए ट्वीट कर दुआ मांगी है।
पानीपत [जगमहेंद्र सरोहा]। भारतीय स्टार जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अपनी कोहनी की सर्जरी कराई है। डॉ. दिनेश पर्डिवाला ने मुंबई के अस्पताल में उनका इलाज किया। सर्जरी सफल रही है। उन्हें एक या दो दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है। नीरज चोपड़ा ने स्वयं भी अस्पताल की तस्वीर ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर नीरज के लिए दुआ मांगी है।
परिजनों के अनुसार नीरज को डॉक्टरों ने डेढ़-दो महीने आराम करने की सलाह दी है। नीरज चोपड़ा ने ट्वीट किया कि मैं कुछ महीनों के आराम के बाद मजबूती के साथ वापस आऊंगा। हर झटका वापसी के लिए एक सेटअप है। भगवान आपको पहले की तुलना में बेहतर लाना चाहते हैं। इस सर्जरी के बाद दोहा में 27 सितंबर से 6 अक्टूबर तक होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनका खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
कोहनी में लगा था झटका
नीरज चोपड़ा के चाचा भीम सिंह चोपड़ा ने बताया कि नीरज की कोहनी में दिसंबर महीने में प्रेक्टिस के दौरान झटका लग गया था, जिससे रूटीन प्रेक्टिस में भी दर्द रहने लगा था। सितंबर या अक्टूबर में वल्र्ड चैंपियनशिप है। इसको देखते हुए सर्जरी कराना जरूरी था। उस वक्त किसी तरह का दर्द परेशानी पैदा कर सकता था। नीरज वल्र्ड चैंपियनशिप में डॉक्टर व कोच की सलाह पर भाग लेंगे।
पीएम ने ये किया ट्वीट
नीरज के लिए लगातार ट्वीट करके दुआ मांगी जा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा- नीरज आप बहादुर नौजवान हैं। आपने लगातार भारत को गर्व कराया है। हर कोई आपके जल्दी और पूरी तरह से ठीक होने की दुआ कर रहा है।
विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले दूसरे भारतीय
नीरज चोपड़ा भारतीय ट्रैक और फील्ड एथलीट प्रतिस्पर्धा में जेवलिन थ्रो के प्लेयर हैं। अंजू बॉबी जॉर्ज के बाद किसी विश्व चैंपियनिशप में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। उन्होंने 2016 में पोलैंड में आरएएएफ अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्हें अर्जुन अवॉर्ड भी मिल चुका है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप