Panipat में बच्चों के साथ मैदान में उतरे जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा, दिए सफलता के टिप्स
जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा पानीपत के पब्लिक स्कूल में पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ अभ्यास किया। उन्होंने कहा कड़ी मेहनत व नियमित अभ्यास से सफलता मिलती है।
पानीपत, जेएनएन। जैवलिन थ्रो के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने बच्चों के साथ मैदान पर समय बिताया। उन्होंने न सिर्फ हुनर की बारीकियों से रूबरू कराया, बल्कि सफलता के टिप्स दिए। नीरज चोपड़ा ने कहा, अभ्यास करना जरूरी है। खेल-खेल में भी हम अपनी तकनीक में सुधार ला सकते हैं। धीरे-धीरे जब सीख जाएंगे तो आगे भी निकल जाएंगे। नीरज चोपड़ा संस्कृति पब्लिक स्कूल खंडरा में चल रही दो दिवसीय एनुअल एथलेटिक मीट के समापन के मौके पर पहुंचे थे।
नीरज चोपड़ा ने कहा कि मैदान पर पसीना तो बहाना ही होगा। सुबह शाम अभ्यास करना जरूरी है। बड़ा खिलाड़ी कोई बाहर से नहीं आता। मेहनत ही सफलता का मंत्र है। आप अगर खेल में नहीं भी जाना चाहते, तब भी शरीर को फिट रखने के लिए तो अभ्यास कर ही सकते हैं।
अंतिम दिन सीनियर विंग के बच्चों ने अनेक खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्यातिथि जिला खेल अधिकारी अनिल कुमार व जैवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा रहे। स्कूल चेयरमैन कर्मवीर चोपड़ा व प्रिंसिपल प्रियंका शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर मा. नरेश कुमार, पूर्व सरपंच रामकिशन, रामकुमार नोहरा, राधेश्याम नंबरदार, अमृत नोहरा, ओमप्रकाश खुखराना, सुभाष नैन, हरपाल शेरा, धर्मपाल शेरा, भूपेंद्र चोपड़ा मौजूद रहे।
जिला खेल अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ युवा खेल को भी अपनाएं। खेल से अनेक फायदे होते है। आज खेल के जरिये भविष्य को बेहतर भी बनाया जा सकता है। सरकार खेल व खिलाडिय़ों के लिए बेहतर कदम उठा रही है।