दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा, इसी सत्र में हरियाणा में सीधे हाेंगे छात्र संघ के चुनाव
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों के लिए सरकार की ओर से विश्वविद्यालयों का बजट बढ़ाने को लेकर भी सिफारिश की जाएगी।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में इसी सत्र से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ के चुनाव सीधे करवाए जाएंगे। इनसो ने विपक्ष में रहते हुए इसके लिए लंबी लड़ाई लड़ी है।
उन्होंने ये बात मंगलवार को पिपली के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जजपा-भाजपा गठबंधन की सरकार ने 100 दिन में विकास कार्यों के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सत्ता में आने से पहले जजपा ने जनता से जो वायदे किए थे, उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पूरा करने में जुटे हैं। प्रदेश की आबकारी नीति को उन्होंने प्रदेश के गठन से लेकर अब तक की सबसे बेहतर नीति बताया।
आबकारी नीति पर विपक्ष के आरोपों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा इस नीति पर जनता को बहकाने का काम कर रहे हैं। अब उनके सामने एक युवा और पढ़ा लिखा मंत्री दुष्यंत चौटाला है जो हर बात को तथ्य के साथ सबके सामने रखता है। प्रदेश की आबकारी नीति पर वही लोग सवाल उठा रहे हैं जिनकी दो नंबर की उगाही बंद हो गई है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शराब की सभी डिस्टलरी पर निगरानी बढ़ा दी है। ऐसे में डिस्टलरी से शराब की दो नंबर की सप्लाई बंद हो गई है। इसके बंद होने के बाद दो नंबर की कमाई करने वालों के पेट में दर्द हो गया है। उन्होंने कहा कि जजपा की नीति को देखते हुए अब दिनोंदिन पार्टी का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालातों के सवाल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अनिल विज को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
इस के साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालयों को सरकार की ओर से कम बजट जारी किए जाने के सवाल पर कहा कि इनसो की शुरू से ही डिमांड रही है कि शिक्षा के बजट को बढ़ाया जाए। अब वह गठबंधन सरकार से इस बात की उम्मीद रखते हैं कि विश्वविद्यालय को शिक्षा के लिए पूरा बजट जारी किया जाए। इसके लिए वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कुलदीप मुल्तानी, युवा जिलाध्यक्ष डॉ. जसङ्क्षवद्र खैहरा, सुनील राणा, योगेश शर्मा व गुरमीत हुंदल मौजूद रहे।