इनेलो बसपा ने हरियाणा बंद पर मांगा समर्थन
हरियाणा बंद को लेकर इनेलो और बसपा कार्यकर्ताओं ने जनता से समर्थन मांगा है। दोनों पार्टियों के नेता हाथ जोड़कर रेलवे, चुलकाना, गुलाटी रोड पर मार्केट में निकले और दुकानदारों से एसवाईएल, जीएसटी और नोटबंदी के मुद्दे पर शनिवार को हरियाणा बंद में शामिल होने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को जमकर कोसा।
जागरण संवाददाता, समालखा : हरियाणा बंद को लेकर इनेलो और बसपा कार्यकर्ताओं ने जनता से समर्थन मांगा है। दोनों पार्टियों के नेता हाथ जोड़कर रेलवे, चुलकाना, गुलाटी रोड पर मार्केट में निकले और दुकानदारों से एसवाईएल, जीएसटी और नोटबंदी के मुद्दे पर शनिवार को हरियाणा बंद में शामिल होने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को जमकर कोसा।
इनेलो नेता शशिकांत कौशिक ने कहा कि दोनों पार्टियों के गठबंधन ने भाजपा सरकार की किसान, व्यापारी, कर्मचारी और नौजवान विरोधी नीतियों के खिलाफ शनिवार को हरियाणा बंद का आह्वान किया है। ताकि सरकार को जगाया जा सके। कौशिक ने कहा कि बंद को लेकर जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है, जो पुरी तरह से सफल होगा। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी बताने वाली भाजपा एसवाईएल से पानी लाने में पीछे हट रही है। जबकि इनेलो लगातार किसानों के हित की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को थामने का काम किया है। कारोबार बंद होने पर लाखों युवा बेरोजगार हुए। प्रदेश में आज कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। ऐसे में इनेलो जनता के हक की लड़ाई लड़ने में पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बहन फूलवती, शहरी अध्यक्ष लेखराज खंट्टर, देवेंद्र सहरावत, राजू, मांगेराम, अशोक, रजत त्यागी, मुकेश चौहान, नरेश कौशिक, अजय छौक्कर, कृष्ण गाहल्याण, रणबीर, कृष्ण पांचाल, अमित शर्मा मौजूद थे।