रस्साकस्शी में लड़कियों में उचाना, लड़कों में जींद की टीम विजयी
खरकभूरा गांव के राजीव गांधी खेल मैदान में लड़के लड़कियों की जिलास्तरीय अंडर-11 खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खो-खो कबड्डी एथलेटिक्स रस्साकस्शी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पसीना बहाया।
संवाद सूत्र, उचाना : खरकभूरा गांव के राजीव गांधी खेल मैदान में लड़के, लड़कियों की जिलास्तरीय अंडर-11 खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, रस्साकस्शी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पसीना बहाया। रस्सा कस्सी में लड़कियों में उचाना और लड़कों में जींद की टीम ने शानदार जीत हासिल की। प्रतियोगिता का शुभारंभ डीपीसी, जींद राजबीर श्योराण ने किया। अध्यक्षता बीईओ पवन कुमार भोला ने की। मंच संचालन मास्टर रामप्रसाद ने किया।
ये रहे परिणाम
लड़कों में कबड्डी में नरवाना ने सफीदों को 28-13, पिल्लूखेड़ा ने अलेवा को 28-14, खो-खो में जींद ने सफीदों, अलेवा ने पिल्लूखेड़ा को हराया। रस्सा-कस्सी में उचाना ने जुलाना, अलेवा ने पिल्लूखेड़ा, जींद ने उचाना को हराया। लड़कियों में खो-खो में जुलाना ने जींद, नरवाना ने सफीदों को हराया, रस्सा-कस्सी में जींद ने नरवाना, उचाना ने सफीदों को हराया। शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी दें विद्यार्थी ध्यान : श्योराण
राजबीर श्योराण ने कहा कि हर विद्यार्थी के अंदर प्रतिभा होती है। इस प्रतिभा को आगे आने के लिए खुद में आत्म विश्वास चाहिए। स्कूल स्तर से ही खिलाड़ियों के अंदर खेलों को लेकर रूझान पैदा होता है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वह शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान दें। पवन कुमार भोला ने कहा कि जिला स्तर में विजेता टीमें प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इस मौके पर जिला खेल सचिव रूपेंद्र गोयत, खंड खेल सचिव सतविद्र श्योकंद, ऋषिपाल गुप्ता, राजेश श्योकंद, प्रदीप खटकड़, दीपक शर्मा, रणधीर सिंह, सुमित्रा, नीलम, सरोज, सुरेंद्र, सुभाष, राजपाल, सुरेंद्र, आजाद, जितेंद्र, सतीश डीपीई मौजूद रहे।