पत्नी झगड़ कर मायके गई, पति ने 3 बच्चों को सल्फास खिला खुद भी निगला
पानीपत के सुताना में एक व्यक्ति ने पत्नी से झगड़े के बाद तीन बच्चों को सल्फास खिला दिया और खुद भी खा लिया। इसके बाद पड़ोसी को इस बारे में जानकारी दी।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने ही तीन बच्चों को सल्फास खिला दिया। तीनों बच्चों में एक आठ वर्षीय बेटी, छह वर्षीय और तीन वर्षीय बेटा है। इसके बाद खुद भी निगल लिया। पड़ोसी को जाकर इस बारे में जानकारी दी तो उसके होश उड़ गए और हड़कंप मच गया।
मामला पानीपत के थर्मल के गांव सुताना का है। सुताना में एक व्यक्ति ने झगड़े के बाद मायके गई पत्नी से नाराज होकर तीन बच्चों को सल्फास खिलाकर खुद भी जहर निगल लिया। चारों को गंभीर हालत में पीजीआइ रेफर किया गया है।
पत्नी गई मायके तो उठाया कदम
सुताना गांव का 32 वर्षीय नरेश मजदूरी करता है। उसका चार दिन पहले पत्नी से झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर पत्नी मायके चली गई। आठ वर्षीय बेटी गूंजन, छह वर्षीय बेटे गोविंद और तीन वर्ष के बेटे लक्की को छोड़ गई थी। विवाद सुलझता न देख वीरवार रात नरेश ने तीनों बच्चों को दूध में सल्फास मिलाकर पिला दिया और खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। बच्चों को उल्टियां होने लगीं तो नरेश ने पड़ोसी अशोक को पूरी बात बता दी। पड़ोसी सभी को लेकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे। चारों की हालत गंभीर थी। डाक्टरों ने सभी को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि पहले भी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। लेकिन कभी इस तरह का कदम नहीं उठाया।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री के 3 रिश्तेदार सहित अंबाला में 33 लोग कोरोना पॉजिटिव, आंकड़ा पहुंचा 691
ये भी पढ़ें: जिस ब्लीच हाउस से जुड़ी तीन बच्चों की मौत की कहानी, अब हुआ सील
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें