पानीपत में अंतरराष्ट्रीय साहित्यकारों का हरियाणवी चौपाल में हिंदी संगम, जापान और अमेरिका से जुटे साहित्यकार
पानीपत में 'हिंदी की गूंज' पत्रिका के चतुर्थ वार्षिक मैत्री मिलन समारोह में जापान, अमेरिका और भारत के साहित्यकार एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम को हरियाणवी चौपाल का रूप दिया गया, जहां साहित्य, लोकसंस्कृति और आपसी मैत्री को बढ़ावा मिला।
-1795587898246_m.webp)
पानीपत में जुटी साहित्याकारों की टोली (जागरण फोटो)
HighLights
जापान, अमेरिका, भारत के साहित्यकार पानीपत में हुए एकत्रित
'हिंदी की गूंज' पत्रिका का वार्षिक मैत्री मिलन समारोह आयोजित
हरियाणवी चौपाल में साहित्य और लोकसंस्कृति का संगम
जागरण संवाददाता, पानीपत। जापान, अमेरिका और भारत के साहित्यकारों का मिलन पानीपत में हिंदी और हरियाणवी संस्कृति के संगम का साक्षी बना। एल्डिको स्थित नीलम मेहता के निवास पर अंतरराष्ट्रीय हिंदी पत्रिका ‘हिंदी की गूंज’ का चतुर्थ वार्षिक मैत्री मिलन समारोह मंगलवार को आयोजित हुआ।
जापान से आई पत्रिका की संरक्षक एवं संपादक डॉ. रमा शर्मा मुख्य अतिथि रहीं, जबकि न्यूयार्क से पहुंचे पत्रिका के अध्यक्ष एवं संरक्षक डा. इंद्रजीत शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। आयोजन में साहित्य, लोकसंस्कृति और आपसी मैत्री को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। समारोह को हरियाणवी चौपाल का रूप दिया गया।
पारंपरिक सजावट और स्वागत संदेशों में स्थानीय बोली की झलक दिखी। अतिथियों का स्वागत बाजरे की रोटी, सरसों के साग और मक्के की रोटी से किया गया। हरियाणवी मुशायरे, लोकगीत, नृत्य और हास्य प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। पत्रिका की पानीपत प्रभारी एवं संपादक डॉ. कंचन सागर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य हिंदी का प्रचार-प्रसार करना और देश-विदेश के साहित्यकारों को साझा मंच देना है।
उन्होंने भाषा को पहचान, संस्कार और भावनात्मक रिश्तों की धरोहर बताया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी रजनी गुप्ता और समाजसेवी ऊषा गुप्ता ने आयोजन की सराहना की।
नारी कल्याण समिति और ‘हिंदी की गूंज’ के सदस्यों ने समारोह में सहयोग दिया। कार्यक्रम की रूपरेखा और मंच संचालन मोटिवेशनल स्पीकर मोनिका सलूजा ने किया।
अपनी हास्यपूर्ण शैली से उन्होंने अतिथियों को बांधे रखा। अंत में सरोज आहुजा ने अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर वीना भाटिया, रश्मि अखौरी, राखी टुटेजा, रजनी बेनीवाल, ज्योत्सना गर्ग, कृष्णा सडाना, राज नंदा और विनोद पांडे मौजूद रहे।