दीपावली पर घर लौटने वालों की बढ़ी भीड़, हरियाणा रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे
दीपावली के करीब आते ही पानीपत बस स्टैंड पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रोडवेज डिपो ...और पढ़ें

हरियाणा रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे। फाइल फोटो
HighLights
दीपावली के कारण पानीपत बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी
रोडवेज ने विभिन्न मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू किए
यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए बस संचालन की निगरानी
जागरण संवाददाता, पानीपत। दीपावली नजदीक आते ही दूसरे शहरों में नौकरी, कारोबार और पढ़ाई करने वाले लोग घर लौटने लगे हैं। मंगलवार को पानीपत रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बढ़ी। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। भीड़ को देखते हुए रोडवेज डिपो ने विभिन्न मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू किए हैं।
डिपो से रोजाना 126 बसें अलग-अलग मार्गों पर चल रही हैं। दिल्ली, रोहतक, सिरसा, हरिद्वार, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही। इन मार्गों पर बसों के अतिरिक्त चक्कर लगाए जा रहे हैं। आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों की संख्या और फेरों में बढ़ोतरी की गई है।
त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रोडवेज अधिकारियों ने बस संचालन की निगरानी बढ़ा दी है। रोडवेज के राकेश शर्मा ने बताया कि यात्रियों की संख्या और बसों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। जिस मार्ग पर भीड़ अधिक है, वहां अतिरिक्त फेरे लगाए जा रहे हैं। प्रयास है कि यात्रियों को बस स्टैंड पर ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े।
रोडवेज डिपो की सभी बसें अलग-अलग रूट पर चल रही हैं। यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए निगरानी की जा रही है।- विक्रम कंबोज, रोडवेज महाप्रबंधक, पानीपत