5 दिन की दुुल्हन ने रची बड़ी साजिश, अपहरण कर ले गई 7 माह की बच्ची
हरियाणा के पानीपत में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बेसहारा बनकर शादी रचाने वाले 5 दिन की दुल्हन ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। महिला ने घर से सात माह की बच्ची का अपहरण कर लिया।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में हर रोज अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक बेसहारा महिला पर भरोसा करके उससे शादी करके घर लाना एक युवक को महंगा पड़ गया। 5 दिन तक घर में रही दुल्हन युवक की 7 माह की भतीजी का अपहरण कर ले गई। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बेसहारा बनकर ऑटो चालक पवन से शादी का करके आशा नाम की महिला चालक की सात माह की भतीजी को घर से उठाकर ले गई। स्वजनों के काफी तलाशने पर भी दोनों का कोई भेद नहीं लगा। अब सेक्टर 29 थाना पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इस तरह मिली थी महिला
विकास नगर के पवन ने बताया कि वह किराए का ऑटो सिवाह-पानीपत रूट पर चलाता है। 21 अक्टूबर की शाम को पानीपत बस स्टैंड से आशा नाम की सवारी ऑटो में बैठ गई। सिवाह पहुंचने पर उसने ऑटो से उतरने से इंकार कर दिया। दुनिया में कोई रिश्तेदार या जानकार नहीं होने का दावा कर खुद को बेसहारा बताया। बातों ही बातों में उससे शादी करने की इच्छा जताई।
परिजनाें ने स्वीकार किया
आशा के बहकावे में आकर उन्होंने विकास नगर के शिव मंदिर में शादी कर ली। उसने घर पहुंच स्वजनों को आशा के साथ शादी करने बारे बताया। भाभी पूजा ने इस पर एतराज जताया तो मां शकुंतला और भाई रॉकी ने उसे समझा-बुझा कर शांत करा दिया।
26 को कर ले गई अपहरण
25 अक्टूबर को पूजा स्वजनों संग अपने मायके ढुराना, गोहाना चली गई। वह चार साल के बेटे दीपांशु और सात माह की बेटी अंशी को घर पर ही छोड़ गई। सोमवार को वह, भाई रॉकी और मां शकुंतला घर पर आशा और बुआ रोशनी को घर पर छोड़कर काम पर चले गए। सुबह लगभग नौ बजे आशा भतीजी अंशी को साथ लेकर घर से दवा लाने के बहाने कहीं चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। आस-पास के डॉक्टरों से पूछताछ करने पर भी उसका कोई भेद नहीं लगा। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपित महिला की धरपकड़़ के हर संभव प्रयास किए जा रहे है। जल्द ही आरोपित महिला को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
घर पर मिला फोन और सिम
आशा और भतीजी अंशी को काफी तलाशने के बाद वह घर लौटा तो उसे एक फोन और सिम मिला। जबकि आशा ने इस फोन या सिम बारे उससे कोई जिक्र नहीं किया था। उसे शक है कि आशा ने बच्ची का अपहरण करने के लिए उसके साथ शादी का ड्रामा किया था। डर है कि उसने या उसके गिरोह के किसी अन्य व्यक्ति ने बच्ची के साथ किसी अपराधिक वारदात को अंजाम ना दिया हो। उन्हें ये भी शक है कि आशा बच्ची को कहीं बेच सकी है।