Move to Jagran APP

हरियाणा में उर्दू पढ़ाने के लिए जल्द बनेगी योजना, मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बनेंगे 5 कम्युनिटी सेंटर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि उर्दू पढ़ाने के लिए जल्‍द ही योजना बनेगी। मुस्लिम बाहुल्‍य क्षेत्रों में पांच कम्‍यूनिटी सेंटर भी बनाए जाएंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Mon, 11 Oct 2021 07:49 PM (IST)Updated: Tue, 12 Oct 2021 07:02 AM (IST)
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन और प्रदेश अध्यक्ष नसीम अहमद चंडीगढ़ में सीएम का अभिनंदन करते हुए।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जिस भाषा का अधिकाधिक प्रयोग होता है, उस भाषा को भविष्य में पढ़ाए जाने को लेकर योजना बनाई जाएगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने उर्दू भाषा के संदर्भ में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पांच कम्युनिटी सेंटर बनाए जाएंगे।

loksabha election banner

भाजपा के सहयोगी प्रकोष्ठों के साथ नियमित संवाद की कड़ी में मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों के साथ बातचीत की। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नसीम अहमद ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में हमें अमन-चैन और भाईचारे के साथ मिलकर रहना है। एक-दूसरे की मदद और उनके रीति-रिवाजों का सम्मान करेंगे, तभी सभ्य समाज की परिकल्पना साकार होगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ रही है। बहुत से लोग अल्पसंख्यक समाज को वोटबैंक की राजनीति के चलते जात-पात के नाम पर बहकाने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों के बहकावे में न आकर, समाज और देशहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की अति पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष नजर है। ऐसे क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा।

अल्पसंख्यक मोर्चा की मांग पर मुख्यमंत्री ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पांच कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की। इसके लिए उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों को पांच स्थानों का चयन कर सूची देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गांव में विकास संबंधी समस्या के लिए ग्राम दर्शन पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर अपने गांव की गली, नाली व अन्य समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार अब इसी तर्ज पर नगर दर्शन पोर्टल भी तैयार करेगी, जो शहरी क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं के लिए होगा।

प्रदेश में खाद की नहीं रहेगी कमी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रबी की फसल के दौरान प्रदेश में किसानों को खाद की कोई कमी नहीं रहेगी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री से उनकी मुलाकात हो चुकी है। शीघ्र ही खाद की सप्लाई हरियाणा को मिल जाएगी।

परिवार पहचान पत्र में कराएं सभी का रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अपने आसपास के सभी लोगों का परिवार पहचान पत्र के लिए रजिस्ट्रेशन करवाएं। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ भविष्य में पीपीपी के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने कहा कि अत्यंत गरीब परिवारों तक सरकार सीधे पहुंचेगी। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के माध्यम से 50 हजार से कम आय वाले परिवारों को सरकार उनके हुनर के अनुसार काम देगी। इससे उनकी आमदनी में इजाफा होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.