विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत सिगरेट फैक्ट्री में 21 घंटे चली जीएसटी जांच, 4 मशीनें और कमरे सील

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:15 PM (IST)

पानीपत के जलालपुर प्रथम गांव में एक सिगरेट फैक्ट्री पर दिल्ली से आई सीजीएसटी और डीजीजीआई टीम ने 21 घंटे तक जांच की।

पानीपत सिगरेट फैक्ट्री में 21 घंटे चली जीएसटी जांच, 4 मशीनें और कमरे सील

पानीपत सिगरेट फैक्ट्री में 21 घंटे चली जीएसटी जांच, 4 मशीनें और कमरे सील

HighLights

  1. पानीपत सिगरेट फैक्ट्री में 21 घंटे तक चली जांच

  2. सीजीएसटी और डीजीजीआई टीम ने की कार्रवाई

  3. चार मशीनें और कुछ कमरे किए गए सील

जागरण संवाददाता, पानीपत। जलालपुर प्रथम गांव में सिगरेट फैक्ट्री में बुधवार को दिल्ली से केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) और जीएसटी आसूचना महानिदेशालय (डीजीजीआई) टीम ने करीब 21 घंटे तक जांच की।

दिल्ली से पहुंची 10 से अधिक अधिकारियों की टीम ने सुबह पांच बजे फैक्ट्री में कार्रवाई शुरू की, जो रात करीब दो बजे तक चली। इस दौरान अधिकारियों ने चार मशीनों और फैक्ट्री के कुछ कमरों को सील कर दिया। सिगरेट कारोबार से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।

सुबह से देर रात तक चली इस कार्रवाई को लेकर फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चाएं बनी रहीं। जांच के दौरान टीम ने फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की खरीद, कच्चे माल की उपलब्धता और सिगरेट के उत्पादन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की।

इसके साथ ही तैयार माल की बिक्री और उसकी आपूर्ति का ब्योरा भी जुटाया गया। अधिकारियों ने उत्पादन और बिक्री से संबंधित आंकड़ों का जीएसटी रिकॉर्ड से मिलान किया। जांच का एक प्रमुख पहलू यह भी रहा कि फैक्ट्री में तैयार होने वाली सिगरेट किन स्थानों पर भेजी जाती थी और कारोबारियों के माध्यम से बाजार तक कैसे पहुंचती थी। उत्पादन से लेकर सप्लाई कारोबारियों तक जांच फैक्ट्री में तैयार सिगरेट की बिक्री और वितरण व्यवस्था से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में रहे।

अधिकारियों ने यह जानकारी जुटाने के लिए दस्तावेज खंगाले कि माल किन कारोबारियों और वितरकों को भेजा जाता था। इसके अलावा आपूर्ति वाले क्षेत्रों और खरीद-बिक्री के लेनदेन का ब्योरा भी देखा गया। मशीनों की खरीद से लेकर तैयार उत्पाद की निकासी तक की प्रक्रिया से संबंधित कागजात की जांच की गई। फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में चली जांच सुबह टीम के पहुंचने के बाद फैक्ट्री के विभिन्न हिस्सों में जाकर पड़ताल की गई।

अधिकारियों ने उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और माल के भंडारण वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इसके बाद चार मशीनों और कुछ कमरों को सील कर दिया गया। करीब 21 घंटे की कार्रवाई के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों को टीम अपने साथ ले गई।

फैक्ट्री के बाहर भी अधिकारियों की लंबी मौजूदगी और कार्रवाई को लेकर आसपास के लोग जानकारी जुटाते नजर आए। कार्रवाई को लेकर संबंधित अधिकारियों ने कहा कि जांच चल रही है। अभी हम इसके बारे में कोई पक्ष नहीं रखेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।