Move to Jagran APP

हरियाणा में 1100 खेल नर्सरियों की सौगात, इस बार संचालन में होंगे तीन ये नए बदलाव

हरियाणा में 1100 खेल नर्सरी शुरू की जा रही है। इस बार खेल नर्सरी संचालन में होंगे तीन बदलाव। साल में दो बार होगी स्पर्धा। खेल उपनिदेशक भी हर महीने करेंगे खेल नर्सरियों का निरीक्षण। साथ ही खेल नर्सरियों को ग्रेड भी दिए जाएंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Thu, 27 Jan 2022 09:24 AM (IST)Updated: Thu, 27 Jan 2022 09:24 AM (IST)
हरियाणा में 1100 खेल नर्सरियों की सौगात, इस बार संचालन में होंगे तीन ये नए बदलाव
हरियाणा में खेल नर्सरी में नियम बदले होंगे।

कैथल, जागरण संवाददाता। खेल विभाग की तरफ से प्रदेश में 1100 खेल नर्सरी शुरू की जानी है। 500 नर्सरी खेल प्रशिक्षण केंद्रों और 600 नर्सरी निजी संस्थानों में शुरू की जाएंगी। प्रशिक्षण केंद्रों की नर्सरी शुरू करने के निर्देश जारी हो चुके हैं और निजी संस्थानों में नर्सरी के लिए आवेदनों की जांच की जा रही है। इस बार विभाग की तरफ से नर्सरी संचालन में तीन बदलाव किए हैं।

loksabha election banner

पहला बदलाव है कि जिले में जितनी भी खेल नर्सरी होंगी साल में दो बार खेल स्पर्धा करवाई जाएगी। इस खेल स्पर्धा में नर्सरी के खिलाड़ी ही भाग ले पाएंगे। इससे पहले कभी खेल नर्सरी के खिलाड़ियों के बीच स्पर्धा नहीं करवाई गई थी। दूसरा बदलाव है कि हर महीने खेल उप निदेशक को इन नर्सरियों का निरीक्षण करना होगा। जिला खेल अधिकारी भी अपने स्तर पर निरीक्षण का कार्य करेंगे। तीसरा बदलाव है कि इस बार खेल नर्सरियों को ग्रेड दिए जाएंगे। ए, बी, सी और डी ग्रेड नर्सरियों को दिया जाएगा। 30 अंकों के हिसाब से ग्रेड दिए जाएंगे। 28 से 30 अंक लेने वाली नर्सरी को ए ग्रेड दिया जाएगा। 21 से 28 अंक लेने वाली नर्सरी को बी ग्रेड मिलेगा। 17 से 20 अंक लेने वाली नर्सरी को सी ग्रेड मिलेगा। 16 या उससे कम अंक लेने वाली नर्सरी को डी ग्रेड मिलेगा। डी ग्रेड लेने वाली नर्सरी का संचालन जारी नहीं रखा जाएगा।

इस तरह से बांटे गए हैं 30 अंक

खेल नर्सरियों को सामान, हाजिरी और उपलब्धियों के आधार पर 30 नंबर दिए जाएंगे। इसमें खेल का सामान और मैदान सही होगा तो 10 नंबर दिए जाएंगे। नर्सरी में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की हाजिरी महीने में 22 दिन या उससे ज्यादा होने पर 10 नंबर दिए जाएंगे। खेल उपलब्धियों के आधार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने पर 10 नंबर, राष्ट्रीय स्तर पर आठ नंबर और राज्य स्तर चार नंबर दिए जाएंगे।

यह होता है खिलाड़ियों को फायदा

एक खेल नर्सरी में 25 खिलाड़ी प्रशिक्षण लेते हैं। खेल नर्सरी पर महीने में करीब एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। आठ से 14 साल के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये विभाग की तरफ से हर महीने खुराक भत्ता दिया जाएगा। नर्सरी में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की शिक्षा फ्री रहेगी। इनके अलावा खेल प्रशिक्षकों को योग्यता के आधार पर 20 से 25 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। सुबह-शाम खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि विभाग की तरफ से इस बार खेल नर्सरियों के संचालन को लेकर कुछ बदलाव किए हैं। इसमें नर्सरी खिलाड़ियों के बीच करवाई जाने वाली स्पर्धा और नर्सरी संचालक को लेकर ग्रेड देना मुख्य रूप से शामिल है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.