यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जींद के गांव पेगां में अध्यापकों के तबादले के बाद तीन पद हुए खाली, छात्राओं ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला
पिछले दिनों हुए अध्यापकों के तबादले में जींद के गांव पेगां के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय से तीन अध्यापकों का ...और पढ़ें

जींद, जागरण संवाददाता। जींद के गांव पेगां के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में स्थानांतरण के बाद अध्यापकों के पद खाली होने पर वीरवार को छात्राओं व उनके अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। जहां पर ताला लगाने का पता चलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंच गई और उनको आश्वासन दिया कि उनकी बात को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी जाएगी, लेकिन छात्राओं ने कहा कि जब तक अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की जाती तब तक ताला नहीं खोला जाएगा। तीन महत्वपूर्ण विषयों के पद खाली होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बारे में उच्च अधिकारियों को अगवत करवाया था, लेकिन वहां पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके कारण मजबूर होकर स्कूल के गेट पर ताला लगाना पड़ा है।
धरना स्थल पर बैठी छात्राओं के अनुसार
स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठी छात्राओं ने बताया कि पिछले दिनों हुए अध्यापकों के तबादले में पेगां के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय से तीन अध्यापकों का तबादला हुआ था। यहां पर तैनात सामाजिक विज्ञान, विज्ञान व फिजिकल एजुकेशन के टीचर को तो यहां से बदल दिया, लेकिन उसके बदले में कोई दूसरा अध्यापक नहीं भेजा। इसके बारे में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात की तो उनका कहना है कि यह ट्रांसफर मुख्यालय की तरफ से की गई है, इसलिए स्थानीय स्तर पर कुछ नहीं किया जा सकता।
विज्ञान व सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण पद खाली होने के कारण उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में उन्होंने मजबूर होकर स्कूल के गेट पर ताला लगाया है और ताला तब तक नहीं खोला जाएगा, जब तक अध्यापकों की नियुक्त नहीं हो जाती है। ताला लगने की सूचना पाकर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश जोजवान मौके पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि इसके लिए उनके कार्यालय द्वारा उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत करवाया दिया और जल्द ही उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के गेट से ताला खोला।