गैर मुस्लिम लड़की से था प्रेम प्रसंग, दोस्त ने रोका तो कर दी हत्या
यमुनानगर में हत्या का मामला सामने आया है। गैर मुस्लिम लड़की से प्रेम प्रसंग को रोका तो दोस्त ने हत्या कर दी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। गैर मुस्लिम लड़की से प्रेम प्रसंग न करने से रोकना एक युवक को महंगा पड़ गया। दोस्त ने उसकी जान ले ली। परिजनों का आरोप है कि दोस्त ने बेटे की हत्या की है। वहीं, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक सप्ताह पहले नहर से मिले 20 वर्षीय आशिफ की हत्या हुई। अब स्वजनों ने आरोप उसके दोस्त अकील पर लगाया है। आरोप है कि अकील उसे घर से बुलाकर ले गया था और उसके साथ मारपीट कर आवर्धन नहर में फेंक दिया था। कई दिनों बाद उसका शव मिला। आरोपित से जब इस बारे में पूछा था, तो वह बहाने बनाने लगा। जिससे उस पर शक हुआ। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद युवक के पिता शोहेब ने पुलिस को शिकायत दी। हमीदा चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपित अकील के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
शोहेब के पिता इस्जैक में नौकरी करते हैं। आशिफ उनका इकलौता बेटा था। वह पॉलिटेक्निक कर रहा था। नौ जून को उसका दोस्त अकील उर्फ राहुल घर से बुलाकर ले गया था। शाम तक बेटा वापस नहीं लौटा, तो अकील से बात की। उसने आशिफ का मोबाइल दिया और कहा कि वह नहर में डूब गया है। कई दिन बाद आशिफ का शव मिला, तो उस पर चोट के निशान भी थे। जिस पर दोबारा से अकील से बात की, तो वह पहले बताई गई बात से पलट गया। जिससे उस पर शक हुआ।
गैर मुस्लिम लड़की से प्रेम प्रसंग पर टोका था
मृतक के पिता शोहेब ने बताया कि अकील का किसी गैर मुस्लिम लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिस पर उनके बेटे आशिफ ने उसे समझाया था। वह अक्सर उसे टोकता था। उसने अपनी गली में भी आने से मना कर दिया था, क्योंकि इस एरिया में पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी थी। जिस पर काफी बवाल हुआ था। इससे ही आरोपित उनके बेटे से रंजिश रखता था।