विधानसभा में क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी, दंपती व उनके बेटों के खिलाफ केस दर्ज
कुरुक्षेत्र में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपितों ने विधानसभा में क्लर्क लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में दंपती व उनके बेटों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पिपली(कुरुक्षेत्र), संवाद सहयोगी। कुरुक्षेत्र के पिपली सदर थाना पुलिस ने विधानसभा में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक दंपती व दो पुत्रों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपितों ने नौकरी लगवाने के लिए पांच लाख रुपये लिए थे। इसमें 1.27 लाख रुपये देने बाकी हैं।
सेक्टर-सात निवासी राम सिंह ने सदर थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया उसका बेटा रमन एमकाम पास है। 25 जून 2021 को उसके रिश्तेदार जगमाल सिंह ने बताया कि उसे जसबीर सिंह नाम का एक व्यक्ति मिला है। वह हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में तैनात है और क्लर्क लगवाने की बात करता है। वह उसी दिन जसबीर सिंह से उसके सेक्टर-30 स्थित मकान पर मिले। उसके घर पर जसबीर की पत्नी संगीता और दो पुत्र अजय व विजय मिले। जसबीर सिंह ने बताया कि विधानसभा में क्लर्कों की भर्ती निकली हुई है। इसकी अंतिम तिथि 26 जून 2021 है। एक आवेदन फार्म उसके पास है।
उन्होंने आवेदन फार्म भरकर जसबीर सिंह को दे दिया। आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी चंडीगढ़ पुलिस में इंस्पेक्टर और बेटा अजय पानीपत कोर्ट में क्लर्क है। जसबीर सिंह व उसके परिवार के सदस्यों ने पांच लाख रुपये में नौकरी लगाने की बात कही। जिसमें से चार लाख रुपए उसी दिन और एक लाख रुपये ज्वाइनिंग के समय देने की बात तय हुआ। जसबीर सिंह ने उन्हें उतनी ही राशि का चेक दे दिया। 20 सितंबर 2021 को जसबीर सिंह ने बाकी पैसे तैयार रखने के लिए उसे फोन किया। जब वे जसबीर सिंह को मिलने के लिए उसके मकान पर गया तो उस मकान में जसबीर सिंह व अन्य नहीं मिले। आस पड़ोस से पता चला कि यह मकान जसबीर सिंह का नहीं है। वे यहां किराये पर रहते थे।
करीब एक महीना पहले वे मकान खाली कर चले गए हैं। उसने जसबीर सिंह का दिया चेक पोस्ट आफिस में लगाया तो वह बाउंस हो गया। उन्हें पता चला कि जसबीर अंबाला जिले के गांव कलेरां में रहता है। उन्होंने सदर थाना पुलिस में शिकायत दी तो जसबीर ने तीन लाख रुपये एसबीआइ अकाउंट में डाल दिए और 1.27 लाख रुपये दो मार्च तक देने का वादा किया। वह बाद में अपने वादे से मुकर गया। जांच अधिकारी एएसआइ मोमन राम पुलिस ने बताया कि जसबीर सिंह, उसकी पत्नी संगीता, पुत्र अजय व विजय के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।