यमुनानगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष से ठगी, फर्जी साइन कर खाते से निकाले 7.50 लाख
यमुनानगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष से ठगी का मामला सामने आया है। फर्जी साइन कर खाते से 7.50 लाख रुपये साफ कर दिए।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। एक के बाद एक लगातार धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। प्रतापनगर के भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश चंद्र के नाम से चेक लगाकर साढ़े सात लाख रुपये निकाल लिए गए। एचडीएफसी बैंक अंबाला से यह पैसा निकला है। जब इस मामले की जांच की गई, तो सामने आया कि अंबाला कैंट के नरेंद्र शर्मा नाम के व्यक्ति ने यह पैसे निकाले हैं। प्रतापनगर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया था। अब इसकी जांच सीआइए वन को दी गई है। सीआइए वन के इंचार्ज राकेश मटौरिया ने बताया कि पीडि़त के चेक किस तरह से आरोपित के पास गए। इसके लिए जांच चल रही है।
गांव भगेड़ा निवासी कैलाश चंद का एचडीएफसी बैंक में खाता है। लाकडाउन के चलते वह बैंक में लेन देन करने नहीं जा सका। 24 जुलाई को वह बैंक में पेमेंट निकालने के लिए गया, तो उसके खाते में मात्र नौ हजार रुपये मिले। कैलाश चंद्र ने बताया कि बैंक के अधिकारियों से इस बारे में बात की, तो उन्होंने स्टेटमेंट चेक की। जिसमें सामने आया कि खाते से साढ़े सात लाख रुपये निकाले गए है। यह देखकर उनके होश उड़ गए। यह पैसा भी 15 जून को निकाला गया है।
2009 में मिली चेकबुक हो गई थी गुम
कैलाश चंद्र ने बताया कि उन्होंने 2009 में खाता खुलवाया था। उस समय चेकबुक का अधिक प्रयोग नहीं होता था। यह चेकबुक 2010 में गुम हो गई थी। इसके बाद जरूरत नहीं पड़ी, लेकिन 2012 में उन्होंने नई चेकबुक बनवा ली थी। अब यह पैसा किस तरह से निकला। कुछ पता नहीं लग रहा। जिस नरेंद्र शर्मा नाम के व्यक्ति के खाते में पैसा गया है। उसे भी वह नहीं जानते। कभी किसी को चेकबुक तक नहीं दी। बैंक अधिकारी फर्जी साइन कर पैसा निकालने की बात कह रहे हैं। पुलिस को शिकायत दे दी गई है।