यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेजन-फ्लिकार्ट एप की क्लोनिंग कर मोबाइल खरीदने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 86.56 लाख की संपत्ति बरामद
बोगस नामों की मार्फत धोखाधड़ी से आनलाइन मोबाइल फोन खरीदकर दिल्ली में बेचने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़। कैथल ...और पढ़ें

कैथल, जागरण संवाददाता। आनलाइन शापिंग प्लेटफार्म को भी चोरों ने अब शातिर तरीके से निशाना बना लिया है। कैथल पुलिस की स्पेशल साइबर सैल ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो अमेजन और फ्लिपकार्ट सहित कई शापिंग एप की क्लोनिंग करके मोबाइल खरीदते और उन्हें दिल्ली की गफ्फार मार्केट में बेचने का धंधा करते थे। इनसे 872 नए स्मार्ट फोन और 15 लाख 15 हजार रुपये की नकदी समेत 86 लाख 56 हजार 439 रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।
अंतरराज्यीय गिरोह इस गोरखधंधे में लगा हुआ है। इन युवकों ने जीएसटी पोर्टल से जीएसटी नंबर चुरा कर अमेजन बिजनेस के नाम से एक फर्जी आइडी तैयार करके इस काम को अंजाम दिया। इन्होंने इंटरनेट शापिंग एप के एक-दो नहीं, बल्कि थर्ड पार्टी क्लोनिंग एप से सैकड़ों क्लोन एप तैयार किए और उनसे हजारों की संख्या में फर्जी आइडी और पतों से कोड डालकर बार-बार माेबाइल खरीदे। पकड़े गए दोनों युवक इस गिरोह के सदस्यों से मोबाइल खरीदते थे और उन्हें बिना बिल आगे बेच कर कई गुणा मुनाफा कमा रहे थे। इनमें कैथल की बैंक कालोनी निवासी रजत कुमार और अमरगढ़ कालोनी निवासी सुधीर नारंग शामिल हैं।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि स्पेशल साइबर अपराध शाखा के एसआइ सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार, विनोद कुमार, संदीप कुमार और कुलदीप सिंह की टीम ने इस गिरोह का राजफाश किया।

बनाई अमेजन की फर्जी जीएसटी आइडी
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित कई अन्य आनलाइन प्लेटफार्म की एप को थर्ड पार्टी क्लोनिंग एप से क्लोनिंग करते हैं। उसके बाद एक मोबाइल फोन में सैकड़ों एप बनाकर फर्जी नाम-पतों पर अलग से एक कोड डालकर बार-बार आर्डर लगाकर सैकड़ों की संख्या मे फर्जी आइडी पर विभिन्न आनलाइन कंपनियों से स्मार्ट फोन मंगवाते हैं। जीएसटी पोर्टल से जीएसटी नंबर चुराकर फर्जी अमेजन बिजनेस आइडी बना कर फर्जी नाम-पतों पर एक कोड के साथ डिलीवरी करवाई जाती है। इसके बाद इन अज्ञात व्यक्तियों से रजत कुमार और सुधीर नारंग जैसे कई लोगों द्वारा सभी मोबाइल फोन अवैध तरीके से खरीद लिए जाते हैं।
दिल्ली में बिना बिल बेचते हैं फोन
अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोनों को बिना बिल के ही रजत व सुधीर नारंग जैसे लोग दिल्ली की गफ्फार मार्केट में नकद रुपयों में बेच अमेजन गिफ्ट वाउचर खरीदकर बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से रुपये कमाते हैं। इसके लिए गिरोह के सरगना मोबाइल बेचने वालों को मोटा कमीशन भी देते हैं। इनके पास अलग-अलग जिलों व राज्यों से लोग फोन बेचने व खरीदने के लिए आते हैं।
ऐसे धरा गया रजत
पुलिस को सूचना मिली थी कि रजत अपने घर से बड़ी संख्या में फोन लेकर कहीं बेचने के लिए जाने वाला है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने रजत के मकान पर दबिश दी। जहां पिट्ठू बैग लगाकर अपने दोनों हाथों में बैग लिए अपने मकान से बाहर निकल रहा था। उसे वहीं दबोच लिया गया। पिट्ठू बैग से 15 लाख 15 हजार रुपये और दोनों बैगों से 100 नए मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में रजत के मकान से प्लास्टिक के कट्टों से रियलमी, रेडमी, इन्फीनिक्स, सैमसंग, पोक्को, वन प्लस, ओप्पो, एमआइ, नार्जो सहित विभिन्न कंपनियों के 772 अन्य मोबाइल फोन बरामद हुए। जो करीब 71 लाख 41 हजार 439 रुपए मूल्य के हैं। इस तरह उससे कुल 872 मोबाइल फोन बरामद हुए। इनके बारे में वह कोई बिल या रसीद नहीं दिखा सका। पूछताछ के दौरान रजत ने सुधीर नारंग के बारे में बताया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।