बाहरी कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात, निगम ने आपात स्थिति मान सबकी छुट्टी कैंसिल की
नगर निगम ने पांच पंप नए खरीदकर बाहरी कॉलोनियों में लगाए 10 कॉलोनियों में दूसरे दिन भी नहीं निकल पाया पानी खजूर नगर में पांच-पांच फीट तक पानी भरा हुआ है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सावन माह की लगातार दूसरे दिन चली बारिश में बाहरी कॉलोनियों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। नूरवाला और इसके साथ लगती 10 कॉलोनियों जलमग्न हैं। इनमें पानी निकासी पूरी तरह से ठप है। निगम कमिश्नर ने आपात स्थिति मानते हुए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी हैं और बारिश के दौरान अपने स्टेशन न छोड़ने के आदेश जारी किए हैं। नूरवाला की कॉलोनियों के कई मकानों में दरार आने से खतरा बढ़ गया है।
शनिवार सुबह ही बारिश शुरू हो गई। यह दिनभर रुक-रुककर चलती रही। समालखा में सबसे अधिक 28 एमएम और पानपीत में पांच एमएम बारिश हुई। पानीपत में दो दिन में 67 एमएम बारिश हुई है। इसराना में दो एमएम, जबकि मतलौडा व बापौली में बारिश नहीं हु्ई। शनिवार को बारिश आने से निगम ने बाहरी कॉलोनियों और घरों से पानी निकाला पानी फिर से भर गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे बारिश होने की संभावना जताई है। निगम कमिश्नर ओमप्रकाश ने शनिवार को आधा दर्जन कॉलोनियों का दौरा कर पानी निकासी की व्यवस्था को जांचा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मेयर अवनीत कौर ने नूरवाला का दौरा किया। स्थानीय लोगों ने पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध कराने की मांग की।
निगम ने नौ पंप लगाए एक को रिजर्व रखा
नगर निगम कमिश्नर ओमप्रकाश ने शनिवार को ही पांच नए पंप खरीदे हैं। उन्होंने इनमें से एक पंप को रिजर्व रखा। बाकी चार पंपों को पानी निकासी के लिए लगाया। पांच पंप पहले से ही लगाए गए थे। अब नौ पंपों की मदद से पानी निकासी की जा रही है। इनमें एक पंप गोहाना रोड रेलवे अंडरपास, दो पंप नूरवाला, खजूर कॉलोनी, भारत नगर और अर्जुन नगर में लगाए गए हैं। वार्ड-11 रामलाल स्कूल के पास एक पंप रविवार को लगाया जाएगा।
जेसीबी और नाला गैंग को उतारा
नगर निगम ने नाला गैंग से शहर के अंदर नालों की सफाई के लिए लगाया। इसके साथ जेसीबी की मदद से बड़े नालों की सफाई कराई। शनिवार को खजूर नगर के एक दर्जन मकानों में पांच-पांच फीट पानी भरा रहा। लोगों को छतों पर बैठकर रात बितानी पड़ी। सुबह कुछ देर राहत की सांस ली, लेकिन बारिश का पानी फिर से घरों में घुस गया।
जीटी रोड खादी आश्रम के बाहर की नहीं ली सुध
जीटी रोड पर खादी आश्रम के बाहर लगातार दूसरे दिन चार फीट पानी जमा रहा। प्रशासन और एलएंडटी ने पानी निकासी के प्रबंध नहीं किए। जिसके चलते जीटी रोड की करनाल लेन पर नांगल खेड़ी तक जाम लगा रहा। अनाज मंडी की मुख्य सड़क और यहां से आजाद नगर जाने वाली सड़क पर दो-दो फीट पानी जमा रहा। आजाद नगर के लोगों ने सीवर की सफाई न होने से पानी भरना कारण बताया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप