पटाखा गोदाम में लगी आग, धमाका, दो बच्चे सहित एक बुजुर्ग महिला झुलसी
यमुनानगर में पटाखा गोदाम में आग लग गई। आग पटाखों तक पहुंच गई जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की वजह से तीन लोग झुलस गए। इसमें एक लड़का एक लड़की और एक बुजुर्ग महिला है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर के श्रीनगर कॉलोनी में पटाखा गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में धमाकों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते हुए देखते आग सभी जगह फैल गई। इसमें दो बच्चे सहित एक बुजुर्ग महिला झुलस गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल श्रीनगर में संजय बजाज ने किराये का घर ले रखा था। इसी मकान में पटाखों का गोदाम भी बना रखा था। दिवाली के लिए पटाखों को इकट्ठा कर रखा था। इन पटाखों को दिवाली के समय बेचना था। बृहस्पतिवार को घर में शार्ट सर्किट की वजह से चिंगारी पटाखों पर जा गिरी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चिंगारी की वजह से पटाखों ने आग पकड़ ली। इसके बाद आग धीरे-धीरे फैल गई। पटाखों की वजह से धमाके शुरू हो गए। आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। धमाकों की वजह से घर की छत में भी दरार आ गई और खिड़कियां भी टूट गई। हादसे में तीन लोग झुलस गए। इसमें 14 साल का लड़का कृष्णा, 16 साल की लड़की प्रियांशु और उनकी 65 साल की दादी राजरानी बुरी तरह से झुलस गए।
आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को वहां से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकलकर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जगाधरी एसएचओ पूर्णचंद ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। घर पर ही पटाखे रखे हुए थे। इन्हें दिवाली में बेचा जाना था। आग उन पटाखों में लग गई, जिससे हादसा हो गया। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर लापरवाही कहा रही। कहीं ये अवैध भंडारण तो नहीं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।