घर से बुलाकर फाइनेंसर की गोलियों से भूनकर हत्या
पानीपत में लगातार क्राइम ग्राफ बढ़ता जा रहा है। एक के बाद एक वारदात सामने आ रही है। अब फाइनेंसर को घर से बुलाकर गोलियों से भून दिया गया। इसके बाद आरोपित थाने पहुंच गया।
पानीपत, जेएनएन। थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत अर्जुन नगर में एक फाइनेंसर को गोलियों से भून दिया। उसके सिर में तीन गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का कारण शराब की बिक्री बताया जा रहा है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
काबड़ी रोड अर्जुन नगर के नीतिन को देर रात को कुछ बदमाशों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चलाई। तीन गोली उसके सिर में लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
फाइनेंस का काम करता था नीतिन
थाना मॉडल टाउन और सीआइए-3 पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवाया। परिजनों ने बताया कि नीतिन फाइनेंस का काम करता था।
घर से पांच सौ मीटर दूरी पर कर दी हत्या
रात को घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर उसको गोली मारी। उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। पिता हरङ्क्षमदर की पांच महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद वह घर का सहारा था। उसकी मां उसके साथ ही रहती थी।
आरोपित ने किया सरेंडर
थाना मॉडल टाउन प्रभारी योगेश कटारिया ने बताया कि पुलिस ने इसमें अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। सूचना मिली है कि एक आरोपित ने थाने में सरेंडर कर दिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।