कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के झांसा थाना पुलिस ने भ्रूण लिंग जांच मामले में पकड़े आरोपितों की शिनाख्त पर उत्तर प्रदेश में दबिश देकर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आई सहारनपुर के राधा विहार निवासी दीपिका उर्फ दीपा आरोपितों के साथ मिलकर काम करती थी।
वह सहारनपुर से डिकोय को स्कूटी पर बैठाकर शामली (उत्तर प्रदेश) से करीब 67 किलोमीटर गांव शीतलपुर निवासी श्रवण कुमार व जिला सहारनपुर के गंगोह निवासी सुमित कुमार के पास ले गई थी। आरोपितों ने लिंग की जांच की थी। अदालत ने आरोपित महिला को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य दोनों आरोपितों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाबैन के डा. ऋषि ने नौ मई को झांसा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि झांसा की रहने वाली महिला उत्तर प्रदेश के जिलों में महिलाओं को ले जाकर लिंग जांच कराती है। पुलिस ने नाकाबंदी कर सलपानी चौक पर डिकोय के साथ झांसा निवासी सुखविंद्र कौर व अजराना कलां निवासी बबीता को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था।
दीपा आरोपितों तक ले जाती थी
रिमांड के दौरान आरोपितों ने बताया कि सहारनपुर के राधा विहार निवासी दीपिका उर्फ दीपा उनके साथ मिलकर काम करती है। वह भ्रूण लिंग जांच कराने वाली महिला को सहारनपुर से शामली के गांव शीतलपुर निवासी श्रवण कुमार व सहारनपुर के शहर गंगोह निवासी सुमित कुमार के पास ले जाती है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया।
डा. सुखबीर सिंह को मिली थी सूचना
डिप्टी सिविल सर्जन डा. आरके सहाय ने बताया कि जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि झांसा में गर्भ में भ्रूण लिंग करवाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने टीम गठित कर झांसा निवासी आरोपित दलाल सुखविंद्र कौर के संपर्क में डिकोये को लाया गया। दलाल सुखविंद्र कौर ने गर्भ में भ्रूण लिंग जांच कराने के नाम पर 32 हजार रुपये मांगे।