प्रेमजाल में फंसा की शादी, ससुराल गई तो ससुर ने दुष्कर्म कर घर से निकाला Panipat news
पानीपत की युवती से एक समुदाय के युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी कर ली। इसके बाद उसे छोड़ भाग गया। युवती जब ससुराल पहुंची तो ससुर ने उससे दुष्कर्म किया।
पानीपत, जेएनएन। वर्ष 2016 में बापौली ब्लॉक की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर एक समुदाय का एक युवक घर से भगा कर ले गया। युवती पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी और उन्हें ढूंढ़ निकाला। बाद में दोनों पक्षों की आपसी रजामंदी से युवती की शादी कर दी। शादी के बाद मेवात स्थित उसकी ससुराल में ससुर छेडख़ानी करने लगा। युवती ने पति को बताया। उन्होंने पहले गांव के पास और बाद में दिल्ली में कमरा किराए पर ले लिया और उसमें रहने लगे। लगभग तीन माह पहले पति उसे छोड़ कर भाग गया। वह पति को तलाशते हुए ससुराल पहुंची तो वहां आरोपित ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। ननदों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। अब महिला थाना पुलिस ने महिला आयोग के आदेशों पर आरोपित पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीडि़ता ने बताया कि शादी के दौरान उसके पति ने कमीशन देकर दिल्ली में सरकारी नौकरी मिलने का दावा किया। उनके झांसे में आकर उसके स्वजनों ने 5 लाख रुपये नकदी, 7 तोले सोने और 750 ग्राम चांदी के जेवरात उसे दहेज में दे दिए। आरोपित पति ने रुपये खत्म होने पर नौकरी नहीं मिलने का दावा किया और नया कामकाज शुरू करने के बहाने कुछ समय बाद उसके जेवर भी बेच दिए। आरोपित पति ने दिल्ली स्थित उनके कमरे में उसकी कई अश्लील विडियो बनाई थी। आरोपित अक्सर उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता रहा। लगभग तीन माह पहले उसे पता चला कि पति ने मेवात में ही एक दूसरी महिला से भी शादी कर ली है। इससे दंपती में विवाद रहने लगा। आरोपित पति अक्सर उसे पीटता था। विरोध करने पर आरोपित उसे और उसके दो साल के बेटे को घर पर अकेला छोड़कर भाग गया था। लगभग तीन महीनों तक पति घर नहीं लौटा तो वह उसे तलाशते हुए मेवात स्थित उसकी ससुराल गई थी।
पड़ोसियों ने दिलाई थी आयोग में शिकायत, अब मायके में रह रही पीडि़ता
पीडि़ता ने बताया कि ससुर के दुष्कर्म करने के ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके साथ झगड़ा किया। रात को ही उसे दो साल के बेटे के साथ घर से निकाल दिया। वह किसी तरह वापस कमरे पर लौटी। इधर मकान मालिक उससे तीन माह का किराया मांगने लगा तो उसने अपना दुखड़ा सुनाया। पड़ोस के अन्य लोगों ने उसकी शिकायत महिला आयोग में दिलाई।
युवती की शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही युवती का मेडिकल और बयान कराकर आरोपितों की धरपकड़ की जाएगी।
सुनीता, महिला थाना प्रभारी