धरने पर सियासत, भाकियू नेता पर फॉर्च्यूनर मांगने का आरोप लगा वीडियो वायरल Panipat News
किसानों ने भाकियू नेता पर फॉर्च्यूनर और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर आरोप का ये वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं भाकियू नेता का कहना है कि साबित करके दिखाओ।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ये तीन वीडियो उन किसानों के हैं जिन्होंने दादूपुर-नलवी नहर को नोटिफाइड करने के विरोध में सचिवालय के सामने करीब दो साल तक धरना दिया था। वीडियो में आरोप लगाया है कि चढूनी धरने पर आने की एवज में फॉर्च्यूनर कार व रुपये मांग रहे थे।
उधर, प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है जो लोग आरोप लगा रहे हैं वह साबित करके दिखाएं। मैं किसानों से किस हैसियत से फॉरच्यूनर मांगता। दादूपुर-नलवी नहर संघर्ष समिति के बैनर तले धरना चला था, मगर जब विपक्ष के एक बड़े नेता आए तो वे धरना स्थल की बजाय अलग प्रोग्राम करने लगे। इसमें किसान कम उस नेता के समर्थक ज्यादा थे। इस लिए भाकियू ने उनके प्रोग्राम में जाने से मना कर दिया था। मैं तो दो-तीन बार ही धरने पर गया। यमुनानगर के लोकल पदाधिकारी ही उन्हें समर्थन दे रहे थे। जहां तक टिकट की बात है मैंने किसी से टिकट नहीं मांगा, बल्कि एक दल के नेता खुद मेरे पास टिकट लेकर आए थे। उसने दो बार मुझे फोन कर अपने बेटे का समर्थन करने को कहा। ये आरोप इसलिए लगा रहे हैं क्योंकि मैं उनके बॉस से दबा नहीं।
पहला वीडियो :
31 सेकेंड के इस वीडियो में किसान निरजंन सिंह कह रहे है कि गुरनाम सिंह चढूनी हमारे पास से फॉर्च्यूनर मांग रहा था। किसी ने दादूपुर-नलवी नहर का धरना दो फाड़ नहीं किया। ये किसान यूनियन वालों ने किया है। हर रोज दो हजार रुपये हमारे पास से डीजल तेल के ले जाते थे। इतना खर्च हमारा धरने का नहीं था जितना इनका था।
दूसरा वीडियो :
41 सेकेंड के वीडियो में किसान सुखदेव सिंह से एक व्यक्ति सवाल पूछ रहा है कि आप दादूपुर-नलवी नहर का धरना चलाने वाले किसान हो। चढूनी कह रहा है कि धरने को दो फाड़ किया गया। इसके क्या कारण रहे। इस पर किसान जवाब देता है कि इसे किसी ने दो फाड़ नहीं किया। हर पार्टी ने किसानों को सहयोग दिया था। ये झूठ बोल रहे हैं। ये पहले आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़े। चार वोट नहीं डली थी। कह रहा था कि तब आउंगा, पहले मेरे खाते में पैसे डलवाओ। तीसरी वीडियो में किसान कुलदीप कम रेट में जीरी खरीदने की बात कर रहे थे। इसमें भी कई तरह के आरोप लगे हैं।
मेरे सामने कोई बात नहीं हुई
दादुपुर नलवी संघर्ष समिति के प्रधान कश्मीरी सिंह ढिल्लो का कहना है कि मेरे सामने कार व पैसे मांगने की कोई बात नहीं हुई। हम तो हक के लिए कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे हैं।