किसान के बेटे साहिल ने दौड़ में डेढ़ साल में जीते 8 मेडल
जागरण संवाददाता, समालखा पंट्टीकल्याणा निवासी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 8वीं कक्षा के छात्र
जागरण संवाददाता, समालखा
पंट्टीकल्याणा निवासी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 8वीं कक्षा के छात्र साहिल ने दौड़ में अंडर-14 में डेढ़ साल में आठ मेडल जीत लिए हैं। छह मेडल स्टेट तो एक नेशनल और एक जिलास्तरीय प्रतियोगिता में जीता है। उसने 55 सेकेंड में 400 मीटर दौड़ पूरी की है।
किसान पवन सिंह का बेटा साहिल तीन भाई बहनों में सबसे छोटा है। 14 वर्षीय साहिल गांव के ही राजकीय स्कूल में पढ़ता है। उसने सबसे पहले 2016 में महाराष्ट्र में आयोजित रुरल गेम के 800 मीटर दौड़ में कांस्य जीता था। उसके बाद उसने 2016 और 2017 में चार बार स्कूली खेलकूद और महाकुंभ में स्टेट लेवल पर सोना जीता। जिला स्तर पर भी वह लगातार अपने एक ग्रुप में पदक विजेता रहा है। 2017 के स्कूली और महाकुंभ खेलकूद प्रतियोगिता में उसे स्टेट में तीसरा स्थान मिला है।
पांच किमी लगाता प्रति दिन दौड़ : साहिल ने बताया कि वह प्रतिदिन 5 तो सप्ताह में दो दिन 10 किमी दौड़ लगाता है। सप्ताह में टायर और पुल रर्निग भी करता है। हर तीन माह बाद अपना शेड्यूल बदलकर काम करता है। सुबह-शाम अभ्यास करने से ही वह मेडल झटकने में सफल हुआ है। उसने स्टेट में 400 मीटर की दौड़ 55 सेकेंड, जिले में 57 सेकेंड तो नेशनल में 800 मीटर की दौड़ 2.15 सेंकेंड में पूरी की है।
साहिल ने कहा कि गांव में खेल संबंधी संसाधन की कमी है। कोच और खेल के मैदान नहीं हैं। दौड़ने वाले साथियों की भी कमी है। फिर भी सुबह के समय खेत जाने वाली सड़कों पर दौड़कर वह अभ्यास करता है। अब वह नेशनल अंडर 17 मुकाबले के लिए तैयारी कर रहा है। सेना की दौड़ प्रतियोगिता में भी भाग ले रहा है।