यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, सरगना सहित सात गिरफ्तार
पानीपत पुलिस ने नकली नोट गिरोह के सरगना सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे 8.40 लाख रुपये के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं।

जेएनएन, पानीपत। पानीपत पुलिस की सीआइए-3 (क्राइम इन्वेस्टीगेशन अथॉरिटी) ने सेक्टर-12 के नवांकोट गुरुद्वारे के पास से नकली नोट गिरोह के सरगना हिसार के हसनपुर गांव निवासी भीम सिंह सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे 8.40 लाख रुपये के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उनसे नीलीबत्ती लगी स्कार्पियो व एसएक्स-4 कार भी बरामद हुई है। गिरफ्तारी के दौरान एक अभियुक्त सब इंस्पेक्टर और दो एएसआइ की वर्दी में थे। यह गिरोह कैथल, नरवाना, जींद, चंडीगढ़, हिसार, कुरुक्षेत्र और पंजाब के रोपड़ में लोगों से करोड़ों रुपये ठग चुका है। भीम सिंह के खिलाफ 12 केस दर्ज हैं।
सीआइए-3 प्रभारी सब इंस्पेक्टर छबील सिंह ने बताया कि शनिवार सायं उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर 12 के नवांकोट गुरुद्वारे के पास नीली बत्ती लगी स्कार्पियो और एसएक्स-4 कार में सवार सात लोग नकली नोट सप्लाई करने के फिराक में हैं। इसके बाद उनकी टीम ने दबिश देकर हिसार के हसनपुर के भीम सिंह, रोहतक के गांव खरावड़ के पवन ऊर्फ पौना, फतेहाबाद के राजबीर, करनाल के मरदाना खेड़ा के गुलाब, हिसार के हसनगढ़ के अनिल, जींद के रोहड़ के पवन, करनाल के असंध के निरंजन को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 100 के नकली नोटों की 34 डमी गड्डी व 500 के नकली नोटों की 10 डमी गड्डी बरामद की।
गड्डी में ऊपर व नीचे 100 और 500 के असली नोट लगा रखे थे। बीच में कागज के नोट की शकल के रंगीन टुकड़े काटकर लगा रखे। गुलाब ने हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर, पवन और निरंजन ने एएसआइ की वर्दी व नेम प्लेट लगा रखी थी। उनके खिलाफ थाना चांदनी बाग में एफआइआर दर्ज की गई है और अदालत सें चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। निरंजन को छोड़ बाकी छह आरोपी एक ही समुदाय के हैं और रिश्तेदार व दोस्त हैं।
असली नोट से फांसते, फिर पुलिस की वर्दी पहन कर देते रेड
सीआइए-3 के सब इंस्पेक्टर छबील सिंह ने बताया कि भीम सिंह व उसके साथी कम पढ़े लिखे व भोले-भाले लोगों से बस अड्डे व सार्वजनिक स्थानों पर मिलते। उन लोगों को 100 व 500 रुपये के दो असली नोट दे दे थे। इन नोटों के पीछे के दो नंबर को आल पिन से खुरचकर उनमें रंग भर देते थे। फिर कहते थे कि ये नोट बैंक में जमा करा दें या फिर मार्केट के सामान खरीद लें। नोट असली होने के कारण खप जाते थे।
यही ठग फिर 100 व 500 के दो नोट ऊपर नीचे रखकर बीच में कागज के टुकड़े लगा देते थे और लोगों को झांसा देते थे कि वे असली नोट उन्हें दे दें और बदले में तीन गुना नकली नोट ले लें। जैसे ही व्यक्ति उनके झांसे में आ जा था तो गुलाब, पवन व निरंजन पुलिस की वर्दी में रेड कर देते थे। लोग डर के मारे अपने असली नोट उन्हें थमाकर भाग जाते थे। इसी तरह से गिरोह लोगों को ठग लेता था।
मजदूर से बन नकली नोट गिरोह का सरगना
गिरोह का सरगना भीम सिंह पहले मजदूरी करता था। वह शार्टकट में लखपति बनना जाता था, इसलिए आठ साल पहले उसने नकली नोट गिरोह बनाया। लोगों से ज्यादा पैसे वसूल सके, इसलिए उसने तीन साथियों को पुलिस की वर्दी भी पहनाई। उसका यह फार्मूला काम भी कर गया। भीम सिंह के खिलाफ चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में 12, राजबीर के खिलाफ 10, गुलाब व निरंजन के खिलाफ तीन-तीन केस दर्ज हैं। भीम सिंह ने एक महीना पहले ही स्कार्पियो गाड़ी खरीदी है। इस पर टेेंपरेरी नंबर है। एसएक्स-4 गाड़ी निरंजन की है।