यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Face Lifting Yojana: करनाल में शिक्षा विभाग की सुस्ती, दो माह बाद भी स्कूलों में नहीं हुआ सुंदरीकरण
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि प्राथमिक स्कूलों के सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ 26 लाख 10 ...और पढ़ें

करनाल, जागरण संवाददाता। जिले के 172 सरकारी स्कूलों के सुंदरीकरण के लिए दो माह पहले हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राजकीय स्कूलों को फेस लिफ्टिंग योजना के तहत एक करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये की ग्रांट जारी की गई थी। बावजूद अभी तक अधिकतर स्कूलों का कार्य पूरा नहीं हो सका है, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से 31 अक्टूबर स्कूलों के सुंदरीकरण का कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए थे। आदेश के अनुसार प्राथमिक स्कूल के लिए 70 हजार और राजकीय वरिष्ठ माध्यामिक विद्यालय के लिए एक लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। मौजूदा हालात में स्कूल मुखियाओं की सुस्ती के कारण अभी कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
विद्यार्थियों के लिए दीवारों पर जागरूकता संदेश
जानकारी के अनुसार जिले के 172 राजकीय स्कूलों में कोरोना से जागरूक करने के लिए दीवारों पर पेंटिंग, विज्ञान व गणित के सूत्र लिखकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया है, जिसमें स्वच्छता और सुंदरता भी शामिल है। जिला शिक्षा अधिकारियों की ओर से चयनित स्कूलों की सूची 25 अगस्त तक उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी। सुंदरीकरण के लिए स्कूलों के एसएमसी के सदस्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। काम पूरा होने के बाद समग्र शिक्षा अधिकारी इन स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।
स्कूलों को लाखों रुपये की ग्रांट
विभाग की ओर से जानकारी के अनुसार असंध खंड के 14 प्राथमिक और तीन सीनियर सेंकेंडरी स्कूलों को 12,.80 लाख रुपये, घरौंडा के प्राथमिक 19 स्कूल और दो सीसे स्कूलों को 15.30 लाख रुपये, इंद्री खंड के 37 प्राथमिक स्कूलों के लिए 25.90 हजार रुपये, करनाल खंड के 30 प्राथमिक स्कूलों के लिए 21 लाख रुपये, नीलोखेड़ी क्षेत्र के 40 प्राथमिक स्कूल और 2 सीनियर सेंकेंडरी स्कूलों को 30 लाख रुपये, निसिंग के 23 प्राथमिक और 5 सीसे स्कूलों को 21.10 लाख रुपये सुंदरीकरण के लिए ग्रांट जारी की गई है।
सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये जारी
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि प्राथमिक स्कूलों के सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये जारी किए गए हैं। अधिकतर स्कूलों के मुखियाओं की ओर से काम पूरा कर लिया है, बाकी बचे स्कूलों का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
