मिक, पोलर कंबल, थ्री-डी उद्यमियों के लिए प्रदर्शनी रामबाण बनेगी
मिक पोलर कंबल बनाने वाले उद्यमियों के लिए नई अनाज मंडी में लगी तीन दिवसीय यार्न फैब्रिक एंड एसेसरीज ट्रेड शो-2020 रामबाण सिद्ध हो रहा है।
मिक, पोलर कंबल, थ्री-डी उद्यमियों के लिए प्रदर्शनी रामबाण बनेगी
महावीर गोयल, पानीपत:
मिक, पोलर कंबल बनाने वाले उद्यमियों के लिए नई अनाज मंडी में लगी तीन दिवसीय यार्न, फैब्रिक एंड एसेसरीज ट्रेड शो-2020 रामबाण सिद्ध हो रहा है। प्रदर्शनी में देश की बड़ी-बड़ी धागा मिलों के स्टॉल पर जहां उन्हें नई तकनीक के पोलिस्टर धागों की जानकारी मिल रही है। वहीं धागा मिलों से सीधा संपर्क साधने का मौका मिला है। इससे उन्हें सस्ता यार्न मिलने की सुविधा मिलेगी। पानीपत ने मिक, पोलर, थ्री-डी चादर उत्पादन में चीन को पछाड़ दिया है। आने वाले समय में दो दर्जन से अधिक मिक पोलर कंबल के नए उद्योग लगने वाले हैं। नए उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को भी इस प्रदर्शनी से लाभ मिलेगा। उन्हें धागे की हर वैरायटी का पता लग रहा है।
प्रदर्शनी में आधुनिक धागे और कपड़े से उद्यमी रूबरू हो रहे हैं। इससे पहले उन्हें इसके लिए दिल्ली व अन्य शहरों में जाना पड़ता था। अपने ही शहर में होने के कारण उद्यमी बार-बार प्रदर्शनी देख रहे हैं। स्टॉल पर पूरा समय प्रॉडक्ट की जानकारी लेने में लगा रहे हैं। इसका सबसे अधिक फायदा उद्यमियों को नई तकनीकी जानकारी मिलने से हो रहा है। 70 से अधिक मिक कंबल के यूनिट पानीपत में लगे हुए हैं। उद्यमियों को मिलों के विजन की जानकारी भी मिल रही है। मिलें पानीपत के यार्न मार्केट में अधिक से अधिक हिस्सा प्राप्त करने के लिए प्रयासरत है।
इनोवेशन पर रहेगा जोर
पानीपत में परंपरागत उद्योगों पर जोर रहा है। प्रदर्शनी में शामिल धागा मिलों के प्रतिनिधियों का कहना है कि यहां के उद्योगों का नया कुछ करने को मिलेगा। इसीलिए कंपनियां यहां के कारीगरों को प्रशिक्षित करने के लिए एक्सपर्ट भी अपने साथ लेकर आई है। नई-नई तकनीकी जानकारी मिलने पर यहां उद्योग विदेशों से प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।