वार्ड-11 में उद्यमी की पत्नी की सोने की चेन छीनी
व्यवसायी त्रिलोचन की पत्नी विद्या देवी राजीव कॉलोनी में सत्संग सुनने जा रही थीं। पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन झपट ली।
जागरण संवाददाता, पानीपत : बदमाश ने वार्ड-11 में सलीम बारबर की दुकान के पास कारपेट व्यवसायी की बुजुर्ग पत्नी की 21 ग्राम की सोने की चेन झपट ली। महिला ने शोर मचाया। मदद के लिए आए एक व्यक्ति को बदमाश ने धक्का दे दिया। दूसरे को थप्पड़ मार दिया। पल्सर बाइक से सब्जी मंडी की तरफ भाग गए। वारदात साीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
वारदात सोमवार सुबह 6 बजकर 06 मिनट की है। न्यू हाउसिग बोर्ड कॉलोनी के त्रिलोचन सिंह की काबड़ी रोड पर कारपेट की फैक्ट्री है। त्रिचोलन सिंह की पत्नी 67 वर्षीय विद्या प्रकाश ने बताया कि वह घर से पैदल राजीव कॉलोनी में निरंकारी सत्संग सुनने जा रही थी। पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए। एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा। दूसरा नीचे उतर कर उसकी तरफ आया। उसने जैसे ही क्रॉस किया तभी बदमाश ने चेन झपट ली। उसने शोर मचाया। बदमाश अपने दोस्त के साथ बाइक से फरार हो गया। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। पीड़ित विद्या देवी घर पहुंची। बेटे दिलबाग के साथ किला थाना में शिकायत देने पहुंची। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मुहैया करा दी गई है। फुटेज में बदमाशों की बाइक का नंबर भी आया है। किला थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
तीन दिन में झपटमारी की दो वारदात
शहर में बाइक सवार दो बदमाशों ने सिलसिलेवार झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया है। ये बदमाश रेकी कर उम्रदराज महिलाओं को शिकार बनाते हैं। तीन दिन में दो महिलाओं की चेन झपट ली गई। 24 अगस्त को सेक्टर-12 के उद्यमी प्रहलाद जिदल की पत्नी निर्मला की सेक्टर-12 के शिव मंदिर से चेन झपट ली थी।